रेवाड़ी। जिला में आगामी 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व उप अधीक्षक जयसिंह द्वारा किया। इस फ्लैग मार्च में बीएसएफ व पुलिस के जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च शहर से शुरू होकर धारूहेड़ा, बावल, कसौला व माडल टाउन एरिया में निकाला गया। फ्लैग मार्च जिला के संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर भी निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने लिए लोगों में विश्वास पैदा करना है। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव को शांति पूर्वक व निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद व तैयार है। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी व लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम रहेंगे। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।