गहराया पेयजल संकट शहर में आज से प्रारंभ होगी राशनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। भीषण गर्मी में पानी की बढ़ती मांग और नहरों में पानी की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण शहर में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार से पानी की राशनिंग प्रारंभ कर दी जाएगी। सोमवार को शहर के आधे क्षेत्रों में ही पानी दिया जाएगा जबकि शेष क्षेत्र में अगले दिन पानी दिया जाएगा।
डेढ़ लाख की आबादी वाले रेवाड़ी शहर के लिए फिलहाल पेयजल सप्लाई नहरी पानी आधारित है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से कालाका गांव 900 लाख गैलन क्षमता के छह वाटर टैंक बनाए हैं जबकि गांव लिसान में 150 लाख गैलन क्षमता के दो वाटर टैंक बनाए हैं। इन वाटर टैंकों की क्षमता के अनुसार शहर में इनसे लगभग 20 दिन तक ही पानी दिया जाता है। गर्मी के दौरान सिंचाई विभाग की तरफ से रोस्टर बदल दिया जाता है जिसमें नहरों में 16 दिन पानी चलने के बाद 24 दिन तक पानी बंद रखा जाता है। इस शेड्यूल के अनुसार जिला की नहरों में अब 27 जून तक पानी आ जाना चाहिए था लेकिन पानी की कमी को देखते हुए यह इस बार तय 24 दिनों से भी अधिक 27 दिनों के बाद ही पानी आने की संभावना है। इस स्थिति को देखकर जनस्वास्थ्य विभाग ने नहरों में पानी एकत्रित कर लिया जिसको बाद में मोटरों के जरिए स्टोरेज टैंकों में डाला गया। अब नहरों का भी पानी समाप्त हो चुका है। इसके कारण अब शहर के पास लगभग एक सप्ताह तक का ही पानी जिसको देखते हुए विभाग की तरफ से सोमवार से शहर में पानी की राशनिंग प्रारंभ की जा रही है।
आज इन क्षेत्रों में आएगा पानी
जनस्वास्थ्य विभाग के जेई अशोक डागर ने बताया कि सोमवार से पानी की कमी को देखते हुए राशनिंग प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह झज्जर रोड बूस्टिंग, मीट मार्केट बूस्टिंग दिल्ली गेट एवं कमेटी बूस्टिंग स्टेशन के लिए पानी चलाकर इनसे जुड़े क्षेत्रों में पानी दिया जाएगा। इसके अलावा मॉडल टाउन, जगन गेट, हंस नगर बूस्टिंग स्टेशनों को सप्लाई नहीं दी जाएगी। इन क्षेत्रों में मंगलवार को पानी की सप्लाई दी जाएगी।