बणीपुर चौक पर बनेगा फ्लाईओवर, मिट्टी के नमूने लिए
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दिल्ली-जयपुर राजमार्ग संख्या-8 पर बावल औद्योगिक क्षेत्र के बणीपुर चौक को हाईवे प्राधिकरण ने हादसों से मुक्त बनाने की कवायद शुरू कर दी है। यहां पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इस कार्य को जल्द प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों ने यहां से मिट्टी के नमूने भी लिए ताकि यह कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक हादसों का सबसे बड़ा प्वांइट है। यहां पर अक्सर हर दूसरे-तीसरे दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। इस वजह से यहां पर लंबे समय से फ्लाईओवर की जरूरत बताई जा रही है। अप्रैल माह में भी यहां एक कंपनी से लौट रहे तीन युवकों को ट्राला ने कुचल दिया था। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दो घायल हो गए थे। आंकड़ों के अनुसार इस स्थान पर अब तक 150 से भी अधिक लोग फ्लाईओवर नहीं होने की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल ने यहां पर हो रहे हादसों के बाद केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद हाईवे प्राधिकरण ने बणीपुर चौक के साथ बिलासपुर चौक पर पुल निर्माण का प्रस्ताव भेजा। इन दोनों स्थानों पर फ्लाईओवर के निर्माण में 50 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव भेजा गया जो कि मंजूरी के चरण तक पहुंच चुका है। हाईवे प्राधिकरण मुख्यालय से मिली झंडी के बाद यहां से मिट्टी के नमूने भी लिए गए हैं। मंजूरी से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा इस खतरनाक चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। एनएचएआई की तरफ से इस्टीमेट बनाया जा चुका है। इस पर 25-25 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
सुरक्षा के लिहाज से लगाए संकेतक
हाईवे पर फ्लाईओवर का कार्य शुरू होने से पूर्व सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान ना केवल रूट डायवर्ट किया जाएगा बल्कि हाईवे पर और बावल रोड पर विशेष संकेतक लगाए गए हैं। इन संकेतकों के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पीली लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि संकेतक देखने में कोई चूक न हो। ---
खतरनाक है बनीपुर चौक
इस चौक पर शायद ही कोई दिन होगा जब कोई हादसा नहीं हो। इस चौराहे को पार करने में लोगों को अपनी जिंदगी दाव पर लगानी पड़ती है। हालांकि यहां ट्रैफिक पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। उसके बाद भी हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बनीपुर चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के अलावा उद्योगपतियों द्वारा भी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं।
---------------
बनीपुर और बिलासपुर चौक पर बनने वाले दोनों फ्लाईओवर के लिए बजट मंजूरी की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इसका निर्माण कार्य एक साथ ही शुरू होगा। मिट्टी के सैंपल ले लिए गए हैं। करीब 15 दिनों में रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट आते ही डेढ़ माह में फ्लाईओवर का कार्य शुरू हो जाएगा। - एनएन गिरी, प्रोजेक्ट मैनेजर।
----------------------
बणीपुर चौक पर फ्लाईओवर की बेहद जरूरत है। इसके लिए सभी प्रक्रियाएं लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। बजट प्रस्ताव के लिए भेजा जा चुका है। इसमें जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद जल्द ही यह कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। - डॉ. बनवारीलाल, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री