राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर में पौध रोपण करते अध्यापक व विद्यार्थी। स
रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को इको क्लब की ओर से 200 पौधे रोपे गए। साथ ही पौधों की देखभाल करने की शपथ ली।
प्राचार्य मनोज कुमार की अध्यक्षता में पौधरोपण अभियान चलाया गया। मुख्य अतिथि पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य रहे। प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं।
बढ़ते प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे को मित्र मानकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि वह भविष्य में पर्यावरण और समाज के लिए उपयोगी वृक्ष बन सके।
मुख्य अतिथि दयाराम आर्य ने कहा कि योग, आयुर्वेद और प्रकृति एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इको क्लब प्रभारी सोमबीर यादव ने बताया कि क्लब विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वच्छता और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित कर रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह, पवन, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, एबीआरसी दिनेश कुमार, पर्यावरण प्रेमी रिंकू कुमार, चंद्रपाल तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।