रेवाड़ी। लघु सचिवालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित ओल्ड हाउस कॉलोनी में जर्जर सड़क व कचरे के ढेर प्रशासन को मुंह चिढ़ा रहे हैं। कॉलोनी के मुख्य गेट पर डंपिंग यार्ड बना हुआ है, जिसके कारण यहां आने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ता है। वहीं यहां के पार्क भी रखरखाव के अभाव में बदहाल हो चुके हैं। वहीं, मुख्य लाइट व झूले टूटे हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने मामले को लेकर कई बार प्रशासन शिकायत भी की, लेकिन अभी तक कोई समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे लोग परेशान हैं।
लोगों ने बताया कि नाली की मरम्मत के कारण सड़कों को बीच में से खोदा गया था, जिनकी 8 महीने बाद भी अभी तक मरम्मत नहीं की गई। इसलिए सड़क के बीचों-बीच गड्ढ़े बने हुए हैं। बारिश के समय इन गड्ढ़ों में पानी भर जाता है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। वहीं वाहन चालकों को भी हादसा होने का खतरा बना रहता है। कॉलोनी में स्ट्रीट लाइटों की कमी है, जिसकी वजह से रात को गलियों में कहीं-कहीं अं धेरा रहता है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में एक पार्क है, जो बदहाली के आंसू बहा रहा है। यहां लगे झूले व दीवारें टूटी पड़ीं हैं। पार्क की मुख्य लाइट रखरखाव के अभाव में टूट गई है। वहीं पार्क में बेंचों की कमी है और कुछ बेंचें टूटी पड़ी हैं।
-लोगों की प्रतिक्रिया:
कॉलोनी के मुख्य दरवाजे नगर परिषद ने डंपिंग यार्ड बना रखा है। इसके कारण कॉलोनी के अंदर प्रवेश करने से पहले बदबू का सामना करना पड़ता है। इसकी शिकायत कॉलोनीवासियों ने कई बार की है, लेकिन इस ओर प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।
-हवा सिंह डागर, प्रधान
----------------
यहां से लघु सचिवालय मात्र 200 मीटर दूर है, लेकिन फिर भी यहां की हालत खराब है। सड़कों की स्थिति बदहाल है। आज 8 महीने से ज्यादा का वक्त हो चला, लेकिन सड़कों का अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती।
- अजय गुप्ता
----------------
बारिश के समय सड़कों की हालत और ज्यादा ख़राब हो जाती है। सड़क पर गड्ढ़ों में पानी भर जाता है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। लोग 8 महीने से परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस ओर किसी का भी ध्यान नहीं है।
- वेद प्रकाश
----------------
कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की कमी है। इसके कारण रात में लूट और चोरी का भय बना रहता है। रखरखाव के अभाव में पार्क की मुख्य लाइट टूटी पड़ी है और बैठने की व्यवस्था भी नहीं है। इस ओर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रवीण कुमार
----------------
कोट
सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया नगर परिषद में चल रही है। हाउस मीटिंग में टेंडर पास होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। डंपिंग बूथ की समस्या से अवगत नहीं था, जल्द इसे भी दूसरी जगह स्थानांतरित करा दिया जाएगा।
-राधा सैनी, पार्षद वार्ड नंबर- 22 रेवाड़ी।