अमर उजाला ब्यूरो
बावल। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर कस्बा की गुर्जर धर्मशाला में शुक्रवार को कर्मचारियों द्वारा धरना दिया गया। इस अवसर पर पुलिस बल को तैनात किया गया, लेकिन विंग कमांडर अभिनंदन की वतन वापसी के कारण कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। कर्मचारी अब शनिवार से कस्बा के अंबेडकर पार्क में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
शुक्रवार को हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के प्रदेशभर से कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व प्रस्तावित रोष प्रदर्शन के लिए बावल के गुर्जर धर्मशाला में एकत्रित हुए। धरने की अध्यक्षता प्रांतीय प्रधान कृष्ण कुमार द्वारा की गई तथा मंच संचालन प्रांतीय महासचिव कंवरलाल यादव ने किया। कर्मचारियों ने सरकार से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पेयजल व सीवरेज के कार्यो को नगर निगम व पंचायतों को हस्तांतरित करने पर रोक लगाने, जो स्कीम नगर निगम व पंचायत को दी उन्हें वापस लेने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ईपीएफ व ईएसआई सहित अन्य मांगों को लागू करने की मांग की।
धरना शुरू करने से पूर्व सभी कर्मचारियों ने शहीद सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन धरना कर श्रद्धांजलि दी गई। प्रांतीय प्रधान ने बताया कि जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल ने कर्मचारियों को 5 फरवरी को मिलने का समय दिया है। आश्वासन एवं एयरफोर्स के विंग कंमांडर अभिनंदन की वतन वापसी के कारण कर्मचारियों द्वारा रोष प्रदर्शन को स्थागित कर दिया है लेकिन मांगे पूरी होने तक कस्बा के अंबेडकर पार्क में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। उधर, कर्मचारियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को तैैनात कर दिया गया था।
इस अवसर पर राज्य महासचिव सुभाष लांबा, बिरेंद्र सिंह डगवाल, यूनियन के प्रांतीय चैयरमैन शीलकराम मलिक, उपप्रधान गंगाराम मौण, मुख्य संगठनकर्ता सुरेंद्र मान, जयपाल गुढ़ा, सूरजभान, नरेश गौतम, राजीव बेनीवाल, शीशपाल मलिक, रमेश सैनी, नवीन कुमार, जयभगवान दहिया, राजेंद्र शर्मा, जिला प्रधान सोमपाल शर्मा, शिवकुमार व धर्मचंद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।