कीड़े पड़े दलिया खाने से बच्चों की तबियत बिगड़ी, अभिभावकों ने किया हंगामा, सहायिका के खिलाफ दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के मोहल्ला संघीका बास स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में कीड़े पडे़ दलिया खाने से शुक्रवार को करीब छह बच्चों की तबियत खराब हो गई। बच्चों के अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर हंगामा किया और बनाए दलिया को देखा तो उसमें कीड़े भी चलते मिले। इसके बाद पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने अभिभावकों को शांत करके इस मामले में लापरवाही बरतने वाली सहायिका के खिलाफ शहर थाने में लापरवाही की शिकायत दी है।
मोहल्ला निवासी कविता देवी और पिंकी देवी का बेटा वीरवार को आंगनबाड़ी केंद्र में दलिया खाकर गया था। शुक्रवार सुबह के समय तबियत खराब होने के कारण बच्चों को डॉक्टरों के पास ले गए। बच्चों की जांच की गई तो चिकित्सक ने उनके खाने के बारे में पूछा और कहा कि बच्चों को जो खाने में दिया जा रहा है उसकी वजह से बीमार हैं। महिलाओं ने बताया कि बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार खाते हैं। इसके बाद महिलाएं अन्य लोगों के साथ दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंची। उन्होंने वहां तैयार किए जा रहे दलिया देखा तो उसमें कीड़े चल रहे थे। सूखा दलिया था उसमें लट पड़ी हुई थी। इसके बाद अभिभावकों ने वहां हंगामा कर दिया। महिलाओं ने तुरंत ही कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और पास ही रविदास मंदिर में चल रहे महिला बाल विकास विभाग के कार्यालय में पहुंच गई। यहां मौजूद सीडीपीओ शालू यादव को पूरे मामले से अवगत कराकर साथ चलने को कहा। इसके बाद सीडीपीओ शालू यादव भी स्वयं मौके पर पहुंची और दलिया देखकर उन्होंने सहायिका को फटकार लगाई और दलिया फिंकवा दिया। मामले को लेकर सीडीपीओ ने शहर थाना में शिकायत दी है।
-----------------------
इस मामले में सीधे तौर पर सहायक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बनती है कि वह बच्चों को दूषित दलिया कैसे खिला रही थी। जब उसमें कीड़े पड़े थे उसका खिलाना नहीं चाहिए। इस संबंध में शहर थाना पुलिस में शिकायत दे दी गई है। इसमें जांच कमेटी भी गठित की गई है। - शालू यादव, सीडीपीओ।