28 फरवरी तक जमा कराए प्रपोजल: उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
उपायुक्त पंकज ने जिला विकास एवं निगरानी समिति के सदस्यों से कहा है कि वर्ष 2018-19 के अपने प्रपोजल 28 फरवरी शाम 5 बजे तक जमा करवा दें ताकि जो कार्य दिये जाए उनकी सूची प्राथमिकता के आधार पर हो ताकि जिला प्रशासन द्वारा उन्हीं कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाएं। उपायुक्त शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला विकास एवं निगरानी समिति के सदस्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किस प्रकार के कार्य डी-प्लान के तहत होने हैं। उनकी गाइड लाइन डीईएसए विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिस प्रकार के कार्य डी-प्लान में होने हैं उसी के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी। इस बैठक में वर्ष 2017-18 के कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2018-19 में कुल 1420.56 लाख रुपये अनुमोदित होने की संभावना है। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 852.34 लाख व एससीएसपी वर्ग के लिए 568.22 लाख रुपये अनुमोदित होने है। बैठक में बताया गया कि इंटरलोकिंग टाइल व नाले के लिए 30 प्रतिशत तथा प्राथमिकता के आधार पर अन्य कार्यो के लिए 70 प्रतिशत खर्च किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि डी-प्लान के तहत होने वाले कार्यो की राशि को सभी खंडों और नगर परिषद, पालिकाओं में जनसंख्या के आधार पर आवंटित किए जाने हैं।
इस अवसर पर एसडीएम बावल सुरेश कुमार, एसडीएम कोसली रविंद्र यादव, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार, डीडीपीओ डा. एसी कौशिक, ईओ नगर परिषद मनोज कुमार, जिला योजना अधिकारी ओपी इंदौरा, जिला सांख्यिकी अधिकारी बीएस छोक्कर, नगरपालिका के एमई नवल, जिला प्रमुख मंजू बाला, उप प्रमुख जगफूल, जिला भाजपा अध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, जीएल यादव, धर्मबीर, डीडीएमसी के अन्य सदस्य, बीडीपीओज मौजूद रहे।