जेएलएन ओवरफ्लो, 80 एकड़ फसल जलमग्न
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कोसली क्षेत्र के बव्वा गांव के समीप मंगलवार रात जेएनएल नहर ओवरफ्लो हो गई, जिससे कारोली की सीमा में स्थित करीब 80 एकड़ में खड़ी गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न हो गई। सर्दी होने के कारण खेतों में जमा पानी के सूखने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। नहर के ओवरफ्लो होने की सूचना के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पिछले एक सप्ताह में नहर दूसरी बार ओवरफ्लो हुई है। जवाहरलाल नेहरू नहर साल्हावास से महेंद्रगढ़ व कोसली क्षेत्र के गांवों से भी गुजर रही है। नहर से निकला पानी गांव कारोली की सीमा में स्थित गेहूं व सरसों के खेतों में जमा हो गया। बुधवार की सुबह जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो फसल पूरी तरह से जलमग्न थी। नहर के ओवरफ्लो होने का कारण महेंद्रगढ़ के गांव सिहोर स्थित पंप हाउस की मोटरें खराब होना बताया जा रहा है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ लक्ष्मीनाराण ने बताया कि विभाग ने नहर के ओवरफ्लो रैंप के सामने स्थित 34 एकड़ जमीन के चारों ओर बांध बनाने का प्रस्ताव भेज रखा है, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है। परंतु बव्वा ग्राम पंचायत ने अब तक इसके लिए प्रस्ताव नहीं दिया है। इसी कारण बांध बनाने का मामला अधर में लटका हुआ है। सिहोर में पंप हाउस की मोटरें खराब होने के कारण यह समस्या बनी है।