कोहरे का असर: 50 मीटर रही दृश्यता, अधिकतर ट्रेनें लेट
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले में वीरवार को पूरा जिला कोहरे की चपेट में रहा। लगभग दस दिनों के अंतराल बाद छाए कोहरे की वजह से जिले में रेल एवं सड़क यातायात पर सबसे अधिक असर रहा। कोहरा की वजह से दृश्यता 50 मीटर से कम रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं रेवाड़ी जंक्शन पर अधिकतर ट्रेनें तीन घंटे से अधिक की देरी से पहुंची। फिलहाल मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश की संभावना जताई हुई है, जिससे आने वाले दिनों में सर्दी के साथ कोहरे का असर अधिक रहेगा।
सड़कों पर थमी रफ्तार, घंटों देरी से पहुंची ट्रेनें
वीरवार को छाए घने कोहरे का रेल एवं सड़क यातायात पर सर्वाधिक असर दिखाई दिया, जिसकी वजह से शहर के स्टेशन पर आने वाली तमाम पैसेंजर के साथ एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से तीन घंटे तक की देरी से पहुंचीं। ट्रेनों के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
यह ट्रेनें रहीं लेट
जम्मू से चलकर अजमेर जाने वाली पूजा एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से आई। अहमदाबाद-दिल्ली आश्रम एक्सप्रेस भी लगभग डेढ़ घंटे, भुज-बरेली आला हरजत एक्सप्रेस दो घंटे, ओखा-देहरादून, रानीखेत एक्सप्रेस, जैसलमेर-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस, बीकानेर-दिल्ली एक्सप्रेस भी एक से दो घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा पैसेंजर ट्रेनों पर भी काफी अधिक कोहरे का असर देखा, जिसकी वजह से जयपुर-हिसार, हिसार-जयपुर, श्रीगंगागनर-रेवाड़ी, जोधपुर-रेवाड़ी, भिवानी-सवाईमाधोपुर, बठिंडा-रेवाड़ी, फाजिल्का-रेवाड़ी सहित तमाम पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय से एक से दो घंटे तक की देरी से आई। ट्रेनों के साथ कोहरे का असर रोडवेज बसों पर भी रहा। चंडीगढ़, जयपुर, कोटा, जालंधर से आने वाली बसें भी लगभग आधा से एक घंटे की देरी से पहुंची है। वहीं कोहरे का राजस्थान-गुजरात और महाराष्ट्र की तरफ से आने वाली ट्रेनों पर अधिक असर रहा। अहमदाबाद से चलकर दिल्ली आने वाली आश्रम एक्सप्रेस एक घंटा, उदयपुर से चलकर न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली एक्सप्रेस एक घंटा, अहमदाबाद-वाराणासी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा राजकोट-दिल्ली सुपरफास्ट भी दो घंटे की देरी से आई।
तापमान में गिरावट से बढ़ी ठिठुरन
पिछले तीन दिन से तापमान में बढ़ोतरी का क्रम बना हुआ था, जिसके चलते बुधवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा गया और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यह 3.5 और 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। वीरवार को घने कोहरे के बावजूद न्यूनतम 4 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर के समय निकली धूप ने काफी हद तक लोगों को राहत दी लेकिन शाम होते ही सर्दी का फिर तेज हो गया।
सामान्य जनजीवन पर भी असर
कोहरे की वजह से सामान्य जनजीवन भी इसका असर काफी अधिक नजर आया। वीरवार को कोहरे की वजह से सरकारी कार्यालयों में जहां उपस्थिति कम रही है वहीं सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। शाम होते ही बाजारों में सन्नाटा छा गया तथा आठ बजे तक ज्यादातर दुकानें बंद हो गई।
---
वीरवार को छाया कोहरा पूरे राजस्थान के साथ देश के अन्य हिस्सों में भी काफी अधिक था। इसकी वजह से एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें लेट हुई है। फिलहाल अजमेर-अमृतसर ट्रेन के अलावा किसी भी ट्रेन को बंद नहीं किया गया है।
-अभय कुमार शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी।
---
पांच तक बनी हुई बूंदाबांदी की संभावना
वीरवार को छाए कोहरे से फसलों में किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं है। अपितु इससे पहले पाला पड़ने से फसलों में अवश्य नुकसान की संभावना बढ़ गई थी। फिलहाल अभी तक पांच जनवरी तक बूंदाबांदी की संभावना है और इसके बाद भी सर्दी के और अधिक पड़ने के साथ कोहरा छाएगा।
- डॉ. दीपक यादव, एसडीओ कृषि।