किसानों को लेकर बसें गईं रोहतक, लोग रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
तीन दिवसीय तीसरे कृषि मेले में शनिवार को रोडवेज की 14 बसों में करीब आठ सौ किसान रोहतक रवाना हुए। विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों के रोहतक रवाना होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि जिन रूटों से रोडवेज की बसों को हटाया गया वहां रोडवेज की अन्य बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इसके बाद भी निजी वाहन चालकों ने मनमानी की।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की तरफ से रोहतक में 24 से 26 मार्च तक तृतीय कृषि नेतृत्व शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसमें किसानों को लाने और ले जाने के लिए रोडवेज की बसों की व्यवस्था की गई है। इससे जिले में बसों का अभाव बन गया है। रोडवेज की तरफ से बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। इसके बाद भी लोगों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा। उधर, रोडवेज की बसों के अभाव का लाभ उठाकर प्राइवेट वाहन संचालकों ने यात्रियों से मनमाना किराया वसूला। लोगों को दिनभर बसों के इंतजार में इधर-उधर भटकते देख गया। लोगों का कहना था कि विभाग की ओर बसों के अभाव के पहले से किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
इन मार्गों पर रही समस्या
कृषि शिखर सम्मेलन के लिए जिले के रोडवेज के बेड़े से तीन दिन तक 14, 20 व 31 बसें रोहतक के लिए रवाना की जाएगी। इससे यात्रियों को सुविधा का सामना करना पड़ेगा। इसमें बावल, कोसली, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और खालेटा मार्ग की बसों को घटा दिया गया है। इससे इन मार्गों के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रोडवेज की बसों के अभाव में लोगों को प्राइवेट बसों की छातों पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी। कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने लोगों को छतों से उतारने का भी प्रयास किया, लेकिन बसों की संख्या कम होने के कारण लोगों को मजबूरन छतों पर बैठना पड़ा।
क्या कहते हैं लोग
कोचिंग के लिए रोजाना रेवाड़ी आना पड़ता है। सुबह तो जैसे तैसे रेवाड़ी पहुंच गई थी, लेकिन कोसली जाने के लिए करीब तीन घंटे से बस का इंतजार कर रही हूं। विभाग की तरफ से पहले से इसकी सूचना दी गई होती तो व्यवस्था कर लेते। मनीषा, कोसली।
---
दवाई लेने के लिए रेवाड़ी आया था। दोपहर करीब एक बजे से बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़ा हूं, लेकिन बसे नहंी आने से प्राइवेट बसों या टैंपो का सहारा लेना पड़ेगा। - रामपाल, धरचाना
---
सुबह महेंद्रगढ़ जाने के लिए घर से करीब 10 बजे रेवाड़ी बस स्टैंड पर आ गया था, लेकिन पिछले दो घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं। काफी परेशानी हो रही है। - हरी किशन, बावल
---
क्या कहते हैं अधिकारी
कृषि शिखर सम्मेलन के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। शनिवार को 14 बसें रवाना की गई है। यात्रियों की असुविधा ना हो इसके लिए रोडवेज के फेरे बढ़ा दिए हैं। - बलवंत गोदारा, महाप्रबंधक रोडवेज रेवाड़ी।