बावल: 162 करोड़ से 700 युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रीतम सिंह
रेवाड़ी।
आईएमटी बावल में बनीपुर चौक स्थित सेक्टर में संचालित चीन की दोपहिया अलॉय व्हील निर्माता कंपनी वेन फेंग एल्युमीनियम व्हील में जल्द ही करीब 700 लोगों को रोजगार मिलेगा। एक चीनी कंपनी द्वारा करीब 162 करोड़ का निवेश करने की घोषणा से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। लोगों का कहना है कि कंपनी के प्रसार का फायदा स्थानीय स्तर पर बेरोजगार लोगों को मिलेगा। 2013 में सेक्टर-8 में करीब 18 एकड़ क्षेत्र में कंपनी ने अपना उत्पादन शुरू किया था। इसमें अभी करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है। अब चीनी कंपनी के निवेश से इसी फैक्ट्री का उत्पादन बढ़ाया जाएगा। इससे एक हजार के अलावा सात सौ लोगों को और रोजगार मिलेगा।
कंपनी की डायरेक्टर बॉडी ने बुधवार को चंडीगढ़ में उद्योग मंत्री की अध्यक्षता में निवेश की घोषण की थी। चीन की इस कंपनी की तरफ से वर्ष-2013 में देश में बावल से निवेश की शुरूआत की गई थी। कंपनी बाइक, स्कूटर और अन्य दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों के लिए अलॉय व्हील का निर्माण करती है। कंपनी द्वारा निर्मित व्हील को घरेलू स्तर पर ही सप्लाई किया जाता है। बावल औद्योगिक क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के लिए अलॉय व्हील निर्माण के क्षेत्र में वेन फेन ही एकमात्र कंपनी है। कंपनी में कार्य करने वाले अधिकांश श्रमिकों में स्थानीय लोग शामिल हैं। कंपनी में निवेश करने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के युवाओं में उत्साह बना हुआ है।
-------
चीनी कंपनी की तरफ से आईएमटी बावल में ही चार पहिया वाहनों के लिए अलॉय व्हील बनाने के लिए 200 मिलियन डालर का निवेश करने की तैयारियां भी पुरजोर पर हैं। इसके लिए कंपनी की तरफ से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जानी है। कंपनी की तरफ से सेक्टर-8 में ही खाली पड़ी भूमि को खरीदने की तैयारी चल रही हैं।
-----
----------
क्या कहते हैं ग्रामीण
कंपनी की तरफ से शुरू किए जा रहे निवेश से युवाओं को रोजगार मिलनी की संभावना बन गई है। इससे लोगों में खुशी है। लंबे समय से आईएमटी बावल में बाहरी निवेश नहीं हो रहा था। चीनी कंपनी द्वारा निवेश करने से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी। - संदीप गुप्ता, स्थानीय निवासी
-----
क्या कहते हैं कंपनी प्रबंधक
कंपनी की तरफ से मौजूदा प्लांट का विस्तार किया जा रहा है। इसमें करीब 162 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे यहां के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार मिलेगा। फिलहाल कंपनी से करीब एक हजार युवाओं को रोजगार दिया हुआ है। - वरुण नारंग, महाप्रबंधक सेल्स एवं मार्केटिंग वेन फेन कंपनी बावल।
----------
क्या कहते हैं अधिकारी
चीनी कंपनी वेन फेन की तरफ से आईएमटी में करोड़ों रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही यहां के औद्योगिक विकास में भी तेजी आएगी। - विजय गोदारा, एजीएम इस्टेट, एचएसआईआईडीसी बावल।
प्रदेश सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि निवेशक यहां निवेश कर रहे हैं। इससे ना केवल औद्योगिक विकास में तेजी आएगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। - डॉक्टर बनवारी लाल, जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री।
------
जिले में आने वाले उद्योगों से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा औद्योगिक विकास में भी तेजी आएगी। - मंजूबाला, जिला प्रमुख रेवाड़ी।
प्रदेश सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि बावल औद्योगिक क्षेत्र में कंपनियों निवेश कर रही है। वेन फेन कंपनी के करोड़ों के निवेश से जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। - अमित स्वामी, अध्यक्ष, आरसीसीआई रेवाड़ी।