120 विद्यार्थियों में से केवल 2 पास
महेश कुमार
रेवाड़ी।
सरकार के खासे प्रयासों के बाद भी म्हारे विद्यार्थियों की अंग्रेजी नहीं सुधर पा रही है। कंवाली गांव में स्थित श्रीकृष्ण राजकीय महाविद्यालय के बीए के पांचवें सेमेस्टर ने इस पर फिर मुहर लगा दी है। अंग्रेजी विषय में 120 में से महज दो विद्यार्थी ही पास हुए हैं। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यार्थी बेहद निराश हैं। विद्यार्थियों ने अब पुनर्मूल्यांकन की मांग की है।
एमडीयू यूनिवर्सिटी ने 7 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा परिणाम में बीए तृतीय वर्ष के अंग्रेजी विषय में महज दो विद्यार्थी पास हुए। विद्यार्थी इस परिणाम पर विश्वास ही नहीं कर पा रहे हैं। दोबारा जांच की तिथि भी पिछले दिनों निकलने से विद्यार्थी निराश हो गए हैं। हालांकि विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन को लिखित में शिकायत भी दी है।
-------------
70 छात्राएं शामिल
इन फेल विद्यार्थियों में 50 छात्र और 70 छात्राएं शामिल हैं। कॉलेज में अंग्रेजी के तीन शिक्षक हैं। वहीं इस कक्षा के लिए एक शिक्षक नियुक्त है। बावजूद इसके विद्यार्थियों का फेल होना सभी को आश्चर्यचकित कर रहा है।
---------------
यह बोले विद्यार्थी
मुझे अभी तक विश्वास नही हो रहा है कि मैं अंग्रेजी विषय में फेल हो गई हूं। शायद यूनिवर्सिटी की तरफ से जारी परीक्षा परिणाम में कोई चूक हुई है। परीक्षा परिणाम का पुनर्मूल्यांकन होना चाहिए। - बबीता , रामबास
----------
कॉलेज में केवल दो विद्यार्थियों का पास होना काफी आश्चर्य की बात है। जबकि बाकी विषयों में हमारे अच्छे अंक है। उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच होनी चाहिए। - स्वाति, मोतला
------------
उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच होनी चाहिए। क्लास में केवल दो विद्यार्थियों का पास होना आश्चर्य की बात है। अभी तक मेरा परीक्षा परिणाम ठीक रहा है। शायद यूनिवर्सिटी से कोई गलती हुई है। - जीतू, मसीत
-----------
मेरे बाकी विषयों में अच्छे अंक है। लेकिन अंग्रेजी विषय में फेल हूं। मुझे अभी तक विश्वास नहीं हो रहा है। यूनिवर्सिटी से जारी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ हुई है। परीक्षा परिणाम का पुनर्मूल्यांकन होना चाहिए। - शीतल, खेड़ी
------------
इस बार अंग्रेजी विषय का परीक्षा परिणाम बेहद निराशाजनक रहा है। लेकिन बाकी विषयों में सभी के अच्छे अंक है। हमारी उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच होनी चाहिए। क्लॉस में केवल दो विद्यार्थियों का पास होना आश्चर्य की बात है। - पूजा, डहीना
------------
इतने सारे विद्यार्थियों का एक साथ फेल होना आश्चर्य की बात है। मैंने प्रपोजल बनाकर यूनिवर्सिटी को भेज दिया है। - परमभूषण आर्य, प्राचार्य, श्रीकृष्ण राजकीय महाविद्यालय, कंवाली