कक्षाएं न लगने पर इनसो ने वीसी कार्यालय पर जड़ा ताला, एबीवीपी ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में एक्सटेंशन लेक्चरर्स की ओर से विभिन्न मांगों के लिए की जा रही हड़ताल के कारण पिछले 15 दिन से कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। वहीं यूनिवर्सिटी में कक्षाएं नहीं लगने के विरोध में मंगलवार को इनसो व एबीवीपी छात्र संगठनों ने अलग-अलग प्रदर्शन किया। इनसो जहां वीसी कार्यालय को ताला जड़ दिया तो एबीवीपी ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप था कि विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों की ओर से पिछले 15 दिन से कक्षाओं का बहिष्कार किया जा रहा है, जिससे यूनिवर्सिटी के करीब एक हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। इसको लेकर छात्र वीसी से भी मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया। इधर, 15 दिन से हड़ताल पर बैठे एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
----
यह है मामला
यूनिवर्सिटी में कार्यरत 80 एक्सटेंसन लेक्चरर्स में करीब 60 लेक्चरर्स पिछले 15 दिन से विश्वविद्यालय परिसर में हड़ताल पर बैठे हैं। पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने से गुस्साए लेक्चरर्स समय पर वेतन देने और सर्दियों के अवकाश का वेतन न काटने की मांग कर रहे हैं। इसी वजह से यूनिवर्सिटी में अध्यनरत करीब एक हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर इनकी मांगों के समाधान के लिए एक कमेटी का गठन भी कर दिया गया है, लेकिन प्रध्यापकों तत्काल समाधान पर अडे़े हुए है। उनका आरोप है कि प्रशासन पहले भी उन्हें आश्वासन दे चुका है, लेकिन कोई फैसला नहीं किया गया। इसी के विरोध में मंगलवार से चार-चार लेक्चरर्स ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को प्राध्यापक कर्मवती यादव, निशा यादव, दीपक व कंवर सिंह भूख हड़ताल बैठे।
-----
इनसो अध्यक्ष रवि मसीत ने बताया कि प्राध्यापकों द्वारा मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। जिससे छात्रों की कक्षाएं पिछले 15 दिनों से नहीं लग पा रही हैं। छात्रों का सिलेबस भी पूरा नहीं हो पाया है। इसी के कारण विद्यार्थियों ने वीसी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। जब तक कक्षाएं पूरी तरह से शुरू नहीं हो जाती तब तक वीसी ऑफिस भी बंद रहेगा और न ही ऑफिस में कुछ काम होगा। उन्होंने रजिस्ट्रार पर प्रशासन को सही तरीके से नहीं चला पाने का आरोप लगाया। तालाबंदी के दौरान श्याम, देवेंद्र, हितेश, नीरज, सुमित, अजय, संदीप, मंजीत, बलराम, रोहित, दिशांत व नवीन आदि छात्र मौजूद थे।
----
इसी तरह एबीवीपी अध्यक्ष पंकज राव ने बताया कि कक्षाएं नहीं लगने के विरोध में मंगलवार को विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया गया। यूनिवर्सिटी के अध्यापक पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर है, जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कुलदीप, विनय, चमनलाल, पंकजराव, नवीन, हेमंत, अभिषेक, नवीन शर्मा, रिंकू, पूजा, संजू, दीपक व सोमेश सहित अन्य छात्र मौजूद थे।
---
विश्वविद्यालय की ओर कई बार कमेटी का गठन किया जाता है। हमें समाधान चाहिए। छात्रों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है, लेकिन सभी अध्यापक मजबूर हैं। प्राध्यापकों की ओर से भूख हड़ताल शुरू कर दी गई है। समाधान नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
कंवर सिंह, एक्सटेंशन लेक्चरर
----
विश्वविद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं लग रही हैं। कुछ छात्र बहकावे में आकर ऐसा कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षकों की समस्या के समाधान के लिए भी कमेटी का गठन कर दिया गया है।
एसपी बंसल, वीसी, इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी, मीरपुर