शहर में पांच महिला बाइक राइडर रहेगी महिलाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अब एक कॉल पर ही तत्काल ही पीड़ित महिलाओं को पुलिस की सहायता मिलेगी। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में कमी लाने के लिए शहर में पांच महिला बाइक राइडरों की तैनाती की गई है। यह महिला बाइक राइडर अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगी और जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचेगी। महिला राइडर इस ड्यूटी के अलावा कॉलेज, स्कूल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थाल पर हर समय गश्त करेंगी। प्रत्येक राइडर पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को सरकारी नंबर भी जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल के निर्देश पर शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यह व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ना केवल एक सूचना पर मौके पर मौजूद मिलेगी बल्कि कॉल मिलते ही तुुरंत सायरन भी बजने लगेगा। कंट्रोल रूम से लेकर तमाम जगह से मिलने वाली जानकारी के तुरंत बाद महिला राइडर मौके पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मी उपलब्ध होगी। महिला किसी भी परेशानी में हेल्पलाइन नंबर 1091 या फिर राइडर पर तैनात महिला पुलिसकर्मी से संपर्क कर सकती हैं। खास बात यह है कि रेवाड़ी में पहली बार महिला पुलिसकर्मी की राइडर तैनात की गई है। एसपी की तरफ से महिला राइडर की तैनाती के लिए रूट भी तैयार कर दिए गए है। हर रूट पर एक राइडर पर दो महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।
---------
कंपनी, स्कूल और कॉलेज पर पूरा फोकस
स्कूल, कॉलेज व औद्योगिक क्षेत्र में पड़ने वाली कंपनियों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की गई है। महिला राइडर की तैनाती भी इसी का हिस्सा है। महिला पुलिसकर्मियों को पहले से ज्यादा एक्टिव कर दिया गया है। महिला थाना पुलिस के अलावा शहर में एसआई बीना राणा को राइडरों का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
ये रहेगा राइडरों का रूट
राइडर नंबर-1 का रूट सेक्टर-18, सेक्टर-3 मार्केट, सेक्टर-4 में कन्या स्कूल व राजेश पायलट चौक रहेगा। राइडर पर तैनात पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर 7419757507 है।
राईडर नंबर-2 का रूट ब्रास मार्केट, बस स्टैंड, शिव चौक, बावल चौक, भाड़ावास रोड पर रेलवे फाटक तक। मोबाइल नंबर 7419757508 है।
राईडर नंबर-3 झज्जर चौक, पटौदी रोड स्थित आईटीआई, सरकुलर रोड पर जैन स्कूल, रेलवे चौक व पुराना कन्या विद्यालय तक। मोबाइल नंबर 7419757509 है।
राइडर नंबर-4 केएलपी कॉलेज, सतीश स्कूल, आरडीएस कॉलेज, धारूहेड़ा चुंगी, बीएमजी मॉल तक। मोबाइल नंबर 7419757510 है।
राइडर नंबर-5 गोकल गेट, मोती चौक, पंजाबी मार्केट, कटला बाजार, गुड़ बाजार, जीवली बाजार, बजाजा बाजार सहित अन्य मार्केट। मोबाइल नंबर 7419757511 है।