बार प्रधान समेत चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने के विरोध में आज से वकीलों का अनिश्चितकालीन वर्क सस्पेंड
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
भिवाड़ी पुलिस द्वारा रेवाड़ी बार एसोसिएशन के प्रधान और चार अन्य अधिवक्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करने के विरोध में मंगलवार को जिले के अधिवक्ताओं ने अलवर पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश से मुलाकात की। एसपी से मुलाकात के दौरान अलवर के साथ रेवाड़ी, बावल और कोसली बार एसोसिएशन के भी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बार एसोसिएशन ने बुधवार से अनिश्चितकालीन समय तक वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है।
अलवर पुलिस अधीक्षक को थाने में हुए घटनाक्रम की जानकारी देकर भिवाड़ी पुलिस की कार्रवाई को अधिवक्ताओं ने गलत बताकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों ने न केवल अधिवक्ताओं को अवैध रूप से हिरासत में रखकर, मारपीट करने व अश्लील गालियां देने के आरोप में मामला दर्ज करके गिरफ्तार करने, सस्पेंड करने, वकीलों पर दर्ज की गई एफआईआर को रद करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। अलवर से लौटने के बाद बार एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसहमति से रेवाड़ी, बावल व कोसली कोर्ट में अनिश्चितकालीन वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भिवाड़ी में भी धरना शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रधान रविंद्र यादव, बावल बार प्रधान ज्ञान सिंह, रेवाड़ी उप प्रधान राजीव यादव, सचिव प्रबोध यादव, सह सचिव, मोनिका यादव, कोषाध्यक्ष विशाल यादव, कामरेड एडवोकेट राजेंद्र सिंह, अजीत सिंह, राखी, अनुराधा, त्रिलोक चंद तोंगड़, हितेश्वर, विजयपाल, प्रताप यादव, करण सिंह, संजीव यादव, सुधीर यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।