पेंशन के लिए चार माह से भटक रहे 1551 लोग
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
बुजुर्गों, अशक्त व असहाय लोगों के सम्मान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई पेंशन योजना राहत देने की बजाए कई लोगों के आफत बन गई है। वर्षों से पेंशन ले रहे लोगों को पिछले चार महीने से कभी बैंक तो कभी समाज कल्याण विभाग कार्यालय में चक्कर काटने पड़ रहे हैं। किसी को आधार कार्ड तो किसी को पहचान पत्र के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जिले में करीब 91 हजार पेंशन धारक हैं, जिनमें से 1551 लोगों को पेंशन के लिए भटकाना पड़ रहा है। जिले के दर्जनों पेंशनधारक ऐसे हैं, जिन्हें करीब तीस किलोमीटर दूर से पेंशन में त्रुटी ठीक कराने के आना पड़ता है। ऐसे में उन्हें न केवल परेशान होना पड़ रहा है बल्कि आर्थिक रूप से भी मार झेलनी पड़ रही है। वे कई दिनों से विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
------
दावा : विभाग को जल्द मिलेंगे 40 कर्मचारी
आधार कार्ड, पहचान पत्र व अन्य किसी कारण से पेंशन रोक दिए जाने के कारण लोगों को आने वाली कठिनाइयों से जल्द निजात मिलने का दावा जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। विभाग की ओर से 40 लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जाएगा, जो पेंशन में आने वाली त्रुटियों को ठीक करेंगे। विभाग की ओर से मार्च में पेंशन में आने वाली समस्याओं को गांवों-गांवों जाकर सुलझाया जाएगा।
---
लोगों को पेंशन नहीं मिलने की समस्याएं आ रही हैं। विभाग की ओर से उनका समाधान कराया जा रहा है। लोगों को किसी भी तरह से परेशानी नहीं आने दी जाएगी। जल्द ही रोजगार विभाग से उन्हें 40 कर्मचारी मिल जाएंगे। इसके बाद गांव-गांव जाकर पेंशनधारकों की समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।
रेणूबाला, जिला समाज कल्याण अधिकारी।