रेवाड़ी। हरियाणा बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षा शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई । अंतिम दिन शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा 44 केंद्रों पर दोपहर साढ़े 12 से 3 बजे तक हुई। इसमें 1626 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। उड़न दस्तों ने परीक्षा केंद्रों में निरीक्षण किया लेकिन नकल का कोई मामला नहीं मिला।
इस बार नकल विहीन तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए बोर्ड प्रशासन की तरफ से कुल 11 फ्लाइंग टीम गठित की गई थी। इस टीम में जिला उपायुक्त, जिला अतिरिक्त उपायुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी की एक-एक फ्लाइंग टीम थी। एसडीएम की कुल तीन फ्लाइंग बनाई गई थी। इनमें एसडीएम रेवाड़ी, एसडीएम कोसली और एसडीएम बावल शामिल थे। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारियों की पांच फ्लाइंग टीम गठित की गई थी जिनमें रेवाड़ी, खोल, जाटूसाना, नाहड़ व बावल टीमें शामिल थीं। इसके साथ ही बोर्ड की ओर से भी फ्लाइंग टीम लगातार परीक्षा केंद्रों का दौरा किया था।
- वर्जन
शुक्रवार को हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा 44 केंद्रों पर 1626 विद्यार्थियों ने दी। इसी के साथ बोर्ड परीक्षा नकल विहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। -दुलीचंद यादव, बोर्ड सुपरिटेंडेंट रेवाड़ी ।