रेवाड़ी। कस्बा बावल में रविवार को निकाली जा रही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर व महात्मा ज्योतिबा फूले की शोभायात्रा पर पथराव, गाड़ियों के शीशे तोड़ने व मारपीट करने के दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मोहल्ला जटवाड़ा निवासी लाल बहादुर उर्फ जस्ती व झज्जर के गांव मुनसा निवासी मनोज उर्फ काले हैं। मामले में पुलिस जटवाड़ा निवासी सतपाल उर्फ सत्तु व गांव रघुनाथपुरा निवासी देवेंद्र उर्फ भरोसा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि बावल में रविवार को धूमधाम से शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा मोहल्ला जटवाड़ा पहुंची तो कुछ युवकों ने रास्ता रोककर अभद्रता शुरू कर दी थी। युवकों ने कुछ लोगों से मारपीट करते शोभायात्रा पर पथराव कर दिया। पुलिस ने डा. भीमराव आंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष चेतराम रेवाड़िया की शिकायत पर सतपाल उर्फ सत्तु, देवेंद्र उर्फ भरोसा, जटवाड़ा निवासी संजय, अमरजीत उर्फ काला, सोनू व मोनू सहित अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।