तीन घंटे चली पांच गांवों की पंचायत में भाईचारा बनाने पर सहमति
बावल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगथला में स्कूल में सीट पर बैठने को लेकर हुए झगड़े के बाद कसौली-बखापुर और कसौला गांव के छात्रों के साथ स्कूल के बाहर की गई मारपीट के मामले में रविवार को कसौला थाना में आसपास के गांवों की पंचायत हुई। पंचायत में तीनों गांवों के प्रमुख लोगों ने भाग लिया और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भाईचारा बनाकर रखने का निर्णय लिया। वहीं रविवार सुबह कसौली गांव में गुजरने के दौरान एक युवक के साथ मारपीट की वारदात हुई जिससे तनाव और भी अधिक बढ़ गया था।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को बगथला स्कूल में पढ़ने वाले चार युवकों पर स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटते समय काफी संख्या में आए युवकों ने लाठी-डंडों के साथ जमकर मारपीट की थी। इस मारपीट में कसौली तथा बखापुर के चार छात्र घायल हो गए। झगड़े की वजह स्कूल में सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद था जिसके बाद बच्चों में काफी विवाद हो गया था। इसी के चलते शनिवार को कसौली एवं बखापुर के छात्रों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट की थी।
झगड़े के बाद रविवार को डीएसपी सतपाल सिंह यादव कसौला थाना में मामले की जांच के लिए पहुंचे। इसी दौरान पुलिस ने बगथला, आसलवास, कसौला, कसौली, मुंनवास, इब्राहिमपुर, बखापुर के भी पंचायत प्रतिनिधियों को बुलाकर समझाया जिसके बाद मौजिज लोगों की मौजूदगी में आयोजित हुई पंचायत में ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह गांवों का आपसी भाईचारा बिगाड़ना बिल्कुल भी सही नहीं हैं। इसलिए आपस में मिलकर बैठकर बच्चों के इस झगड़े को सुलझा लिया जाए। करीब तीन घंटे चली बातचीत के बाद सभी गांवों के सहयोग से कसौली एवं बगथला के बच्चों का भविष्य ध्यान में रखते हुए इस मामले का शांतिपूर्वक निपटारा करने की अपील की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि गांवों की पंचायत 25 जुलाई को बगथला के बाबा छोटूनाथ मंदिर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पंचायत में कसौला के सरपंच राजपाल, कसौली, सरपंच जगगी पहलवान, बगथला सरपंच सुखराम, पूर्व सरपंच बलबीर सिंह, चरणसिंह, राजेश कुमार, बखापुर के सरपचं बिजेंद्र सिंह, जिले सिंह ,नंरदार रामौतार, बावल ब्लॉक समिति के उपचेयरमैन विक्रमसिंह मौजूद थे।