अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
एक तो गर्मी के लगातार बढ़ते तेवर और ऊपर से बिजली-पानी के संकट से ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। वीरवार को बेरली खुर्द के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण गांव के जलघर पर ताला लगा दिया और इसके बाद बिजली निगम के सब स्टेशन पर पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष विरोध जताया। जलघर पर ताला लगाने के बाद ग्रामीण अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए, जिसके बाद पहुंचे एसडीओ एवं जेई ने ग्रामीणों को जल्द पेयजल लाइन बदलकर आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया।
वीरवार दोपहर के समय काफी संख्या में ग्रामीण सरपंच मनोज यादव की अगुवाई में जलघर पर पहुंचे और यहां मौजूद कर्मचारियों के समक्ष जलघर की सफाई नहीं होने और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को नहीं बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जलघर पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में पेयजल लाइन काफी हद तक क्षतिग्रस्त है जिसकी वजह से काफी घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दो माह पहले भी अधिकारियों को दर्ज कराई थी लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। इसके बाद ग्रामीण जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ एवं जेई को बुलाने की मांग पर अड़ गए। लगभग एक घंटे बाद कोसली से एसडीओ नंदलाल एवं जेई दिनेश यादव पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने ताला खोल दिया।
सब स्टेशन पहुंचकर बिजली कटौती पर जताया रोष
पेयजल संकट के बाद ग्रामीण गांव में स्थित सब स्टेशन पर पहुंचे और अघोषित बिजली कटौती को लेकर निगम के जेई के समक्ष विरोध जताया। ग्रामीणों ने यहां पर एक बार सब स्टेशन पर ताला जड़ने की कोशिश की लेकिन निगम अधिकारियों ने आकर तुरंत ही ग्रामीणों से बातचीत की जिसके बाद ग्रामीण विरोध स्वरूप सब स्टेशन के बाहर भी बैठ गए। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे दिन में एक घंटा भी बिजली नहीं मिल रही है। इसके बाद अधिकारियों ने जल्द आपूर्ति में सुधार का आश्वासन देकर ग्रामीणों को मनाया। इस अवसर पर भालचंद शर्मा, बिल्लूराम, विरेेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार प्रधान, कृष्ण पंच, हरीश कुमार, देशराज सिंह, राकेश कुमार, रोहताश एवं जयसिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।