संस्कार और शिक्षा ले जाती है शिखर पर : राव नरबीर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
लोक निर्माण एवं वनमंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज हम 21वीं सदी में प्रवेश कर चुके हैं। हमारी शिक्षा ही हमारी दिशा व दशा निश्चित करती है। संस्कार और शिक्षा ही व्यक्ति को शिखर पर ले जाती है।
वे शनिवार को आरबीएस पब्लिक स्कूल जैतपुर के वार्षिक समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत पहले विश्व गुरु रहा है और उस समय विदेशों से लोग भारत में शिक्षा ग्रहण करने आते थे, लेकिन आज चंद पैसे वाले लोग अपने बच्चों को विदेशों में पढ़ने के लिए भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में गत तीन वर्षों में महत्वपूर्ण निर्णय लेकर प्रदेश को शिक्षा का हब बनाने की ओर अग्रसर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार हरियाणा में अध्यापकों के स्थानांतरण की ऑनलाइन तबादला नीति बनी, जिसके कारण अध्यापकों की परेशानी खत्म हुई है। आज ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा हासिल करके बच्चे उच्च पदों पर आसीन हो रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों और अध्यापकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रेरित करें तथा लड़कियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है ताकि लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में पीछे न रहें।
राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म करने के भरसक प्रयास किये हैं। इसका जीता जागता उदाहरण पुलिस भर्ती प्रक्रिया से देखा जा सकता है। वर्तमान हरियाणा सरकार में दक्षिणी हरियाणा की भागेदारी बहुत ज्यादा है और पिछली सरकारों में दक्षिणी हरियाणा के साथ विकास व नौकरी के क्षेत्र में भेदभाव हुआ है। इस सरकार ने सभी क्षेत्रों में समान विकास किया जा रहा है। इसी के चलते किसानों के लिए अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने का कार्य किया है। वहीं मसानी बैराज में भी पानी पहुंचा है। इस मौके पर विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक राकेश राव, प्रिंसिपल ऊषा यादव, एडवोकेट अमरसिंह, सरपंच मुकेश कुमार, मास्टर परमाल सिंह, हरीश भाटोटिया, हरेंद्र यादव, हरिओम सरपंच जोनावास सहित विभिन्न गांवों के सरपंच भी उपस्थित थे।