बुजुर्ग महिला को घसीटते हुए कार में डाल ले गए बदमाश, एनएच -7 पर फेंक कर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के गढ़ीबोलनी रोड स्थित आवासीय कॉलोनी में बने एक घर में कब्जे की नीयत से घुसे करीब 30 युवकों ने परिवार के साथ जमकर मारपीट की। वारदात करीब सुबह सात बजे की है।
कई कारों में सवार होकर आए युवक हथियारों से लैस थे। इतना ही नहीं बदमाश एक बुजुर्ग महिला को घसीटते हुए घर से बाहर लाए और कार में डालकर साथ ले गए। इसके करीब दो घंटे बाद बुजुर्ग महिला को एनएच 71 पर फेंककर भाग गए। 102 एंबुलेेंस से महिला को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है
जानकारी के अनुसार कुतुबपुर निवासी बाबूलाल ने एक माह पूर्व ही मकान झज्जर के खेड़ी गांव निवासी सीमा से लिया था। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन कैलाशी देवी ने बताया कि शुक्त्रस्वार सुबह करीब सात बजे तीन-चार लोग घर की दीवार कूदकर मकान के अंदर गए। अंदर से गेट खुलने पर बाहर मौजूद करीब 30 बदमाश अंदर चले आए। वहां उन्होंने घर में मौजूद कैलाशी देवी, उसके पति बाबूलाल और बेटे बलजीत के साथ मारपीट की। बाबूलाल जान बचाकर भाग गया जबकि उसके बेटे बलजीत ने कमरा बंद कर जान बचाई। बदमाश कैलाशी देवी को घसीटते हुए बाहर ले आए। इस दौरान हिम्मत जुटाकर आसपास के कुछ लोग बीच-बचाव में भी आए, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धमका दिया और एक व्यक्ति के साथ हाथापाई भी की। उनके हाथों में पिस्टल थी। इसके चलते आसपास के लोग भी सहम गए।
इसके बाद बदमाश उसे कार में डालकर ले गए। बदमाशों ने कार के अंदर उसके मुंह पर पट्टी बांध दी, जिससे वह चिल्ला नहीं सके। उसे सीटों के बीच में फंसाकर पैर भी बांध दिए। इधर, परिजनों ने अपहरण और मारपीट की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
46 लाख में लिया था मकान : अस्पताल में उपचाराधीन कैलाशी देवी ने बताया कि उसने एक माह पूर्व यह मकान 46 लाख 61 हजार में लिया है। इसका एग्रीमेंट सीमा से कराया गया था। यह मकान सीमा को उसके भाई विवेक ने दिया था। बताया जाता है कि विवेक ने इस मकान की रजिस्ट्री गुरुग्राम के नानू खेड़ा गांव निवासी परमजीत सहित कुछ अन्य के नाम पर भी कर रखी थी। वह इस मकान पर कब्जा करना चाहते थे। सीमा इस मकान में ऊपर ही रहती थी।
---
वारदात को लेकर दो नामजद सहित करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सारा मामला मकान की रजिस्ट्री को लेकर है। विवेक ने एक मकान की रजिस्ट्री अन्य जगह की हुई है। पूरी सच्चाई का तहकीकात के बाद ही पता चलेगा। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
उदयभान, थाना प्रभारी, मॉडल टाउन