रेवाड़ी। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को योग की बारीकियां सिखाने के लिए शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों को योग का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले के 156 डीपीई, पीटीआई और पीजीटी फिजिकल एजुकेशन शिक्षक प्रशिक्षण लेने के बाद विद्यार्थियों को योग का अभ्यास कराएंगे। साथ ही योग पाठ्यक्रम को कक्षाओं में लागू किया जाएगा।
योग प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट हुसैनपुर में आयोजित किया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर जगदीश प्रसाद ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में योग की कक्षाएं संचालित करेंगे। इससे विद्यार्थियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा। नियमित अभ्यास से बच्चों की एकाग्रता और मानसिक क्षमता में सुधार लाने में भी मदद मिलेगी।
दो बैचों में 15-15 दिन चलेगा प्रशिक्षण : ट्रेनर जगदीश प्रसाद के अनुसार शिक्षकों की सुविधा और बेहतर प्रशिक्षण के लिए कार्यक्रम को दो बैचों में बांटा गया है। पहला बैच 21 अक्तूबर से 4 नवंबर तक और दूसरा बैच 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। दोनों बैचों में शिक्षकों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और योग विज्ञान के सिद्धांतों का अभ्यास कराया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षकों को ब्लॉक स्तर पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों के अलावा प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को भी योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जिले के सभी पांच ब्लॉकों में आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर से ही बच्चों में योग के प्रति रुचि विकसित करना है, ताकि वे इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
विशेषज्ञ मास्टर ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण
कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग, स्पोर्ट्स योगासन और आयुष विभाग के अनुभवी मास्टर ट्रेनर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। पतंजलि, सेकेंडरी एजुकेशन हरियाणा और हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को योग के प्रामाणिक और वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से योग सिखा सकेंगे।