रेवाड़ी। नए सत्र से जिले के खरखड़ा राजकीय कॉलेज में फिजिकल एजुकेशन का कोर्स शुरू होगा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए अनुमति प्रदान कर दी है। जिले के कई कॉलेजों ने नए पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति मांगी थी। जिसमें केवल खरखड़ा कॉलेज को ही अनुमति दी गई है।
कॉलेजों में दाखिले के लिए अब आखिरी सप्ताह रह गया है। आठ जून से कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन लिए जाएंगे। जुलाई महीने से कॉलेजों में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। नए सत्र में दाखिले से पहले कई कॉलेजों ने नए पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया था। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कई स्तर जांच के बाद कॉलेजों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए अनुमति प्रदान की है। जिसमें जिले के एक ही कॉलेज के लिए नया पाठ्यक्रम शुरू करने का अवसर दिया गया है। राजकीय कॉलेज खरखड़ा में सत्र 2019-20 से फिजिकल एजूकेशन का कोर्स शुरू होगा। नए कोर्स को शुरू करने के लिए कॉलेज के प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध कराया जाएगा।
नए कोर्स का संचालन करने के लिए कम से कम 20 स्टूडेंट्स का होना जरूरी है। अगर संख्या कम रही तो कोर्स को बंद किया जा सकता है। इस कोर्स में आवेदन करने वालों को दूसरे कोर्स अपनाने होंगे। कॉलेज के शिक्षकों का कम से कम 20 विद्यार्थी लाने होंगे।रजिस्ट्रेशन करने के बाद विद्यार्थी यूजर आईडी लॉग ईन करके सबजेक्ट चयन कर सकते हैं। सबजेक्ट के अनुसार ही विद्यार्थियों की फीस की रसीद जनरेट होगी। इस बार विद्यार्थी केवल 8 सब्जेक्ट कम्बीनेशन का ही चयन कर सकेंगे इससे पहले विद्यार्थी 15 सब्जेक्ट कम्बीनेशन चयन कर सकते थे।
ये रहेगा शेड्यूल
8 जून से 28 जून तक आवेदन होंगे।
1 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी।
5 जुलाई तक पहली मेरिट लिस्ट के दाखिले होंगे
7 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी जारी होगी।
15 जुलाई तक दूसरी मेरिट लिस्ट के दाखिले होंगे।
16 जुलाई के बाद कॉलेज अपनी रिक्त सीटों की वैंकेसी विभाग को देंगे।इसके बाद कॉलेज फिजिकल काउंसिलिंग करवाएंगे।
पांच कॉलेज चुन सकेंगे विद्यार्थी
ऑनलाइन फार्म भरते समय विद्यार्थी ऑनलाइन ही अपने मनपसंद कॉलेज भर सकता है। विद्यार्थी कुल पांच कॉलेजों का चयन ऑनलाइन कर सकता है। इससे पहले विद्यार्थी 10 कॉलेज भर सकता था। लेकिन विभाग ने इस बार दाखिला प्रक्रिया में बदलाव किया है।