फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज फ्लाईओवर और सरकुलर रोड की तरफ न जाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। सरकुलर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल में रोहतक लोकसभा क्षेत्र के कोसली विधानसभा के मतों की वीरवार को गणना होगी। सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि जैन पब्लिक स्कूल में वीरवार 23 मई को कोसली विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती होगी। इसके मद्देनजर सरकुलर रोड पर स्थित जैन स्कूल के आसपास रूट डायवर्ट किया गया है। इस दौरान वाहन चालकों की सहायता के लिए पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। अगर किसी वाहन चालक को झज्जर चौक से धारूहेड़ा चुंगी की तरफ जाना है, तो उसे झज्जर रोड फ्लाईओवर को क्रास कर बाईपास के रास्ते आना होगा। धारूहेड़ा चुंगी से झज्जर चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को बस स्टैंड के रास्ते नाईवाली चौक और फिर झज्जर चौक की तरफ जाना होगा। वाहन चालकों की सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस के अलावा पुलिस के जवान शाम तक सड़कों पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि यातायात जाम न हो इसके लिए वीरवार को ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। मतगणना केंद्र के कारण वीरवार को जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अवकाश रहेगा। इसके साथ लगते जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी अवकाश घोषित किया गया है। मतगणना केंद्र के 200 मीटर एरिया में बिना पहचान पत्र किसी को आने की अनुमति नहीं होगी। काउंटिंग ड्यूटी स्टाफ, पोलिंग एजेंट ही अंदर आ सकेंगे।
विज्ञापन


प्रशिक्षण देकर कर्मचारियों को दी जानकारी
रेवाड़ी। वीरवार सुबह 7 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। तीन विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना रेवाड़ी शहर में होगी। गुरुग्राम लोकसभा के दायरे में आने वाली रेवाड़ी और बावल विधानसभा की मतगणना राजकीय कन्या कॉलेज में होगी। रोहतक लोकसभा के दायरे में आने वाली कोसली विधानसभा की मतगणना जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगी। गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र के मतगणना आब्जर्वर अमजद टाक ने कहा है कि बुधवार को बाल भवन में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों नामत: बावल, रेवाड़ी व कोसली के लोकसभा चुनाव के मतों की मतगणना के लिए नियुक्त किए गए मतगणना सहायक, मतगणना सुपरवाइजर व मतगणना माइक्रोआब्जर्वर को मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। किस कर्मचारी को मतगणना के लिए किस टेबल पर कार्य करना है। यह 23 मई को मतगणना से कुछ देर पहले बताया जाएगा। मतगणना के समय कोई पोलिंग एजेंट दोबारा से जानकारी मांगे तो उसे संयम रखते हुए बताएं। मतगणना कार्य पारदर्शिता के साथ करें। पारदर्शिता लोगों को दिखाई भी देनी चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केन्द्र में 14-14 टेबल काउंटिंग के लिए लगाई जाएंगी। एक टेबल पर एक माइक्रो आब्जर्वर, एक सुपरवाइजर, एक मतगणना सहायक रहेगा। मतगणना सहायक कंट्रोल यूनिट को स्ट्रांग रूम से लाकर मतगणना सहायक को देगा। मतगणना सहायक कंट्रोल यूनिट को चलाएगा। मशीन को इस तरह पकड़ेगा कि माइक्रो आब्जर्वर, सुपरवाइजर व काउंटिंग एजेंट जो जाली के दूसरी ओर होंगे उसे अच्छी तरह से देख व पढ़ सकें। सुपरवाइजर व माइक्रो आब्जर्वर 17-सी पार्ट टू फार्म में प्राप्त मतों के अनुसार उम्मीदवारों के कालम में इंद्राज करना सुनिश्चित करेंगे। चुनाव कानूनगो राजेश कुमार ने मतगणना बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माइक्रो आब्जर्वर अपने फार्म 17-सी पार्ट टू को आब्जर्वर को देगा। मतगणना सुपरवाइजर टेबुलेशन टीम को फार्म 20 में भरने के लिए फार्म 17-सी पार्ट टू देगा। इसके उपरांत राउंड वाइज प्रोफार्मा की प्रति आब्जर्वर को निरीक्षण के लिए दी जाएगी। वह उसका मिलान उसके पास माइक्रो आब्जर्वर द्वारा दिए गए फार्म नंबर 17 सी पार्ट टू से मिलान करेगा। आब्जर्वर प्रत्येक राउंड का दो कंट्रोल यूनिट अपने सामने रेंडमली चेक करेगा। राउंड की मतगणना की प्रति की घोषणा के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। इस मौके पर रोहतक लोकसभा क्षेत्र की कोसली विधानसभा क्षेत्र के मतगणना आब्जर्वर पुष्कर श्रीवास्तव, बावल विधानसभा क्षेत्र के एआरओ व एडीसी प्रदीप दहिया, रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की एआरओ व एसडीएम रेवाड़ी अल्का चौधरी, कोसली विधानसभा क्षेत्र के एआरओ व एसडीएम कोसली अमरदीप जैन, नगराधीश रविंद्र यादव, नायब तहसीलदार चुनाव दलीप सिंह, चुनाव कानूनगो राजेश भी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें