ठंड से बचाव के लिए जिले में व्यापक प्रबंध: डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष पंकज ने कहा कि कड़ाके की ठंड से बेघर लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। रेडक्रास एवं नगरपालिका कर्मचारियों की ओर से लोगों को ठंड से बचाने के लिए फुटपाथ पर ठिठुरते लोगों को रैन बसेरा में छोड़ा जा रहा है। अब तक जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा जरूरतमंद लोगों को 743 कंबल वितरित किए जा चुके हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जब तक ठंड का प्रकोप रहेगा तब तक जिला में गठित टीम अपना कार्य रात को करती रहेगी। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति ठंड में बाहर न सोये इसके लिए पूरी निगरानी के साथ टीम कार्य कर रही हैं। रात के समय उपमंडल अधिकारी (ना.) कुशल कटारिया और नगराधीश डॉ. विरेंद्र सिंह औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेते रहते हैं। उन्होंने बताया कि जिला में चार रैन बसेरे स्थापित किये गये हैं, जिनमें दो रेवाड़ी शहर में बस स्टैंड व गढी बोलनी रोड स्थित रेडक्रास भवन में, एक बावल के सामुदायिक भवन और एक धारूहेड़ा में रानी संतोष धर्मशाला में रैन बसेरे चलाये जा रहे है, जिनमें रिजाई, गद्दे, कंबल आदि की व्यवस्था की गई है।