फोटो : 27रेवाड़ी अनाज मंडी में रखे अनाज के कट्टे। संवाद
रेवाड़ी। नई अनाज मंडी में मंगलवार को बड़े पैमाने पर बाजरे की आवक हुई। जिले में 1500 गेट पास कटे हैं। करीब 3665 टन बाजरा की आवक हुई है। बाजरा गुणवत्ता पर खरा नहीं उतर रहा है। सोमवार को जिले में कुल 1900 गेट पास कटे थे और 5500 टन बाजरा की आवक हुई थी।
फिलहाल अभी तक सरकारी खरीद नहीं शुरू हो पाई है। बाजरा गुणवत्ता पर खरा नहीं उतर रहा है। दूसरी तरफ नई अनाज मंडी में इसलिए भी भीड़ बढ़ गई कि इस बार सरकार ने बाजरा बिक्री के लिए शर्त लगा दी है कि जो किसान बाजरा बिक्री करेगा, उसी को ही भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जाएगा।
ऐसे में जिन किसानों ने मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया हुआ है, वे जल्दी में है कि बाजरे को बिक्री करें और उनको भावांतर मिल सके। मंडी में भीड़ इतनी रहती है कि पूरा दिन किसानों का वहीं पर बीत रहा है, क्योंकि जाम बहुत ज्यादा लग रहा है। ट्रैक्टर की संख्या ज्यादा होने की वजह से निकलने का रास्ता नहीं मिल पाता है। इस वजह से जाम का माहौल रहता है। इस दौरान पुलिस व्यवस्था बनाने में जुटी रही।