रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के 23 केंद्र बनाए गए हैं जहां तीन सत्रों में कुल 14 हजार 282 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों की बैठक लेकर परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और नकल रहित संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि 4 जुलाई को शाम 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी जिसमें 4 हजार 455 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
वहीं 5 जुलाई को सुबह 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 7 हजार 287 और शाम 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 2 हजार 540 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की।
बताया कि बायोमेट्रिक सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से जांच और अन्य औपचारिकताओं के लिए पर्याप्त समय रखें। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा में महिला अभ्यर्थी को मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर की छूट
डीसी ने बताया कि परीक्षार्थियों को रंगीन प्रवेश पत्र, काला बॉल पेन और सत्यापित फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थी मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर तथा सिख अभ्यर्थी अपने धार्मिक प्रतीक पहन सकेंगे।