-कोसली में वारदात के बाद फिर वारदात
-वारदात क्षेत्र जीआरपी का होने की वजह से रेलवे पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। कोसली में हुई लूट की दो बड़ी वारदात पुलिस के लिए वैसे ही बड़ी चुनौती बनी हुई है और एक बार फिर सोमवार रात हुई एक अन्य वारदात ने पुलिस के लिए चिंता बढ़ा दी है। सोमवार रात को कोसली स्टेशन क्षेत्र के एक दुकानदार की आंखों में मिर्च फेंककर बदमाश 15 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। फिलहाल वारदात क्षेत्र रेलवे पुलिस का होने के कारण जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव तुंबाहेड़ी निवासी सत्यनारायण ने यहां के नाहड़ रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे रेल लाइन के समीप किरयाणा व मिठाई की दुकान कर रखी है। सत्यनारायण सोमवार की रात को करीब साढ़े 10 बजे अपनी दुकान बंद करके चला ही था। जब वह दुकान बंद कर रेललाइन पार करके अपने घर की ओर जा रहा था तभी लाइनों पर पर खड़े दो बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी तथा उसकी जेब से 15 हजार रुपये व एक मोबाईल निकालकर ले गए। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले वहीं आंखों में मिर्च जाने के बाद व्यापारी वहीं बेसुध हो गया। इसके बाद उसको होश आया तो वह बाजार के मुख्य तिराहे पर खड़ी पीसीआर पर मौजूद पुलिस कर्मियों के पास पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस कर्मी मौके पर भी पहुंचे परंतु कोई दिखाई नहीं दिया। पुलिस कर्मियों ने घटना रेललाइन क्षेत्र की होने उसे जीआरपी में शिकायत दर्ज करने की बात कही। इसके बाद व्यापारी ने सुबह राजकीय रेलवे पुलिस को मामले की शिकायत दी है जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं लूट की इस वारदात को लेकर स्थानीय निवासियों में दहशत व्याप्त है। क्योंकि स्थानीय लोगों का लाइनों के आर-पार जाना देर रात तक जारी रहता है।