अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मौसम विभाग की तरफ से 7 एवं 8 मई को उत्तरी भारत के राज्यों में तूफान एवं तेज बारिश का जारी किए गए अलर्ट ने लोगों को समय सचेत तो कर दिया लेकिन सोशल मीडिया ने लोगों को दिनभर डराए रखा। रविवार से ही सोशल मीडिया पर तूफान को लेकर समाचारों पत्रों से लेकर मौसम विभाग के नाम से अपडेट मौसम के नाम से देर रात तक मैसेज आने का क्रम जारी रहा। इसके बाद जैसे ही सुबह हुई तो राजस्थान के सरहदी जिलों में अलर्ट को लेकर मैसेज का दौर शुरू हो गया तथा उसके बाद वहां के नाम से डाले गए बंवडर के वीडियो ने आम लोगों को बुरी तरह से डरा दिया।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद से ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने का दौर शुरू हो गया जिसके बाद लोगों में तूफान की भयंकरता को लेकर भी चिंता होनी लगी। हालांकि दोपहर तक जिला में किसी भी तरह मौसम में बदलाव नहीं आया जिसके बाद लोगों की चिंता काफी हद तक कम हुई। लेकिन राजस्थान के तूफान के नाम से डाले जा रहे वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। कई मैसेजों में तो यह तक कह दिया गया है तूफान राजस्थान से प्रारंभ हो चुका है तथा दोपहर तक हरियाणा में पहुंच जाएगा जिसके बाद लोगों को राजस्थान में रहने वाले अपने परिचितों की चिंता भी करने लग गए जिसके बाद दिनभर लोग परेशान भी रहे।
घरों को व्यवस्थित करने में लगे रहे लोग
तूफान के अलर्ट के बाद प्रशासन की तरफ से जारी की गई चेतावनी को देखते हुए मुख्यत: गांवों में लोग अपने घरों को व्यवस्थित करने में लगे। गांवों में पशुओं एवं चारे की व्यवस्था के लिए बनाए कच्चे मकानों के साथ ईंधन को बचाने की पहले ही जुगत कर ली।