किसानों को नहीं मिली सिंगल फेस सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। एपी (कॉमर्शियल) फीडरों से पैट ट्रांसफार्मर यानी सिंगल फेस की सप्लाई देने की योजना तीन साल बाद भी सिरे नहीं चढ़ सकी है। अभी तक इस योजना के तहत कोसली क्षेत्र में एक फीडर पर भी किसी भी किसान को पैट ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई नहीं दी जा रही है।
प्रदेश में बहुत सारे किसान अपने ट्यूबवेलों के पास मकान बनाकर रहते हैं। पिछले दिनों सरकार ने इन लोगों के लिए घरेलू कनेक्शन बंद कर दिए। अब ट्यूबवेलों पर रहने वाले लोगों को ना तो पैट ट्रांसफार्मर से बिजली मिल सकी और ना ही इनका घरेलू कनेक्शन हो सका। इस संबंध में उपभोक्ता अमरजीत, महेंद्र, विश्वास, सभाचंद, अंकिल, सुभान आदि ने बताया कि कोसली, गुडियानी, बालदन, बिसोहा, गुडियानी सब स्टेशनों पर एपी फीडरों पर ट्रांसफार्मर लगाए हुए हैं। लेकिन विभाग ट्यूबवेलों पर रहने वाले लोगों को कनेक्शन नहीं दे रहा है। वहीं पैट ट्रांसफार्मर किसानों को सुविधा देने की बजाय शोपीस बनकर रह गए हैं।
--------------
स्टाफ की बेहद कमी है। बिजली के कनेक्शन बढ़ रहे हैं। कर्मचारी घट रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को इस स्कीम के तहत सेवाएं देने में असमर्थ हैं। इसके बाद भी यदि उच्च अधिकारियों का आदेश हुआ तो वह कार्य के लिए तैयार हैं।
- एसएस राय, कार्यकारी अभियंता, विद्युत निगम