रेवाड़ी। जिले में बुनियाद परीक्षा के लिए अब तक 1386 आवेदन पत्र आ चुके हैं। विद्यार्थी बुनियाद परीक्षा के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन कर सकते है। वहीं 24 दिसंबर को बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा होगी।
दरअसल बैच 2025-27 के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। कक्षा 8वीं में पढ़ रहे विद्यार्थी जिन्होंने सातवीं कक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना वैकल्पिक रहेगा।
बुनियाद कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग व हरियाणा सरकार की ओर से विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है। विकल्प संस्थान की ओर से बुनियाद कार्यक्रम के अंतर्गत नौवीं कक्षा से ही विद्यार्थियों को जेईई व नीट के लिए तैयार करना आरंभ कर दिया जाता है जिसके लिए नौवीं व दसवीं कक्षा में ही उन्हें नीट व जेईई की बेसिक कोचिंग दी जाती है।
-
तीन दिन केंद्र में और तीन दिन ऑनलाइन दी जाती है कोचिंग
विद्यार्थियों को तीन दिन केंद्रों में और तीन दिन ऑनलाइन कोचिंग दी जाती है। ऑनलाइन कोचिंग के लिए विभाग की ओर से विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी कोचिंग लेते हैं। ऑफलाइन कोचिंग के लिए केंद्रों में विभाग की ओर से ही टीवी सेट की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा ड्रेस और किताबें भी विभाग की ओर से दी जाती हैं। चयनित विद्यार्थियों को केंद्र पर नेशनल टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन, किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन के तहत प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके साथ ही बुनियाद कार्यक्रम में बच्चों को निशुल्क वर्दी, पाठ्य पुस्तकें, टैबलेट के साथ ही बुनियाद सेंटर तक आने जाने के लिए भत्ता भी दिया जाता है।
खंडवार आवेदनों पर एक नजर
खंड का नामआवेदन
बावल532
रेवाड़ी265
जाटूसाना212
नाहड़203
खोल174
जिले में यहां हैं मिशन बुनियाद केंद्र
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मसानी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोसली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बावल ।
-
बुनियाद परीक्षा का शेड्यूल
आवेदन की शुरुआत13 नवंबर से 16 दिसंबर
परीक्षा प्रवेश पत्र जारी17 दिसंबर
प्रथम चरण की परीक्षा24 दिसंबर
परीक्षा का परिणाम20 जनवरी 2026
द्वितीय चरण की परीक्षा30 जनवरी 2026
परीक्षा का परिणाम25 फरवरी 2026
तृतीय चरण की परीक्षा3 अप्रैल 2026
परीक्षा का परिणाम5 मई 2026
दाखिले को लेकर काउंसिलिंग7 मई 2026
नया बैच प्रारंभ15 मई 2026
वर्जन
बुनियाद परीक्षा के लिए अभी तक 1386 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। 24 दिसंबर को बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।-रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।