अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जाटूसाना खंड के एक राजकीय माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने ही स्कूल के शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि शिक्षक द्वारा बुधवार को छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई जिसका विरोध करने पर अध्यापक ने उसको जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद मामले की जानकारी छात्रा ने अपने परिजनों को दी जिसके बाद वीरवार सुबह स्कूल में पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी अध्यापक पर कार्रवाई की मांग की। परिजनों के आने की सूचना के बाद आरोपी शिक्षक मौके से भाग निकला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गलत ढंग से छूने का लगाया आरोप, विरोध करने पर दी धमकी
स्कूल की एक कक्षा की छात्रा ने बताया कि स्कूल के संस्कृत के अध्यापक बस्तीराम ने मेरे साथ बुधवार को यह हरकत की। छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उसने अध्यापक के समक्ष इस हरकत का विरोध किया तो किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया। वीरवार सुबह करीब दस बजे छात्रा के परिजन स्कूल में पहुंचे गए और मुख्याध्यापक को पूरे मामले से अवगत कराते हुए हंगामा कर दिया। इसी दौरान परिजनों के आने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी शिक्षक मौके से भाग निकला। परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी रामकुमार फलसवाल और खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार यादव स्कूल में पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षक का यहां से स्थानांतरण कर दिया जाएगा लेकिन परिजन शिक्षक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी स्कूल में पहुंच गई और छात्रा के पिता की शिकायत के बाद आरोपी शिक्षक बस्तीराम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पाल्हावास स्कूल में भी शिक्षक पर लगा था छेड़छाड़ का आरोप
अध्यापक बस्तीराम पर फरवरी माह में भी जिले के गांव पाल्हावास स्थित माध्यमिक विद्यालय की 26 छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसके बाद छात्राओं ने इसकी जानकारी अध्यापकों को दी थी जिसके बाद भी इस मामले ने तूल पकड़ा था। उस समय मामला प्रकाश में आने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक को सस्पेंड कर दिया था लेकिन बाद में एक छात्रा के पिता ने इस मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दी थी। हालांकि ज्यादातर छात्राओं द्वारा बाद में शिक्षक के पक्ष में बयान दे दिया गया था। वहीं पुलिस द्वारा केस दर्ज करने के बाद जब इस मामले की जांच हुई तब पुलिस ने आरोपों को निराधार मानते हुए शिक्षक को क्लीन चिट दे दी थी। इसके बाद शिक्षक को बहाल करके खोल खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से करीब चार माह पहले ही गाजी गोपालपुर स्कूल में भेजा गया था।
पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
-नरेंद्र, एसएचओ थाना जाटूसाना