एस्मा भी हुआ बेअसर, शहर की सड़कों पर कचरे के ढेर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों की वजह से शहर की सड़कों पर कचरे का ढेर लग गया है। सरकार द्वारा हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा लगाने के निर्देश बाद भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। कर्मचारियों ने सरकार के फैसले के खिलाफ रोष जताते हुए नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना दिया। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार की कार्रवाई से हम डरेंगे नहीं। वहीं, सफाई नहीं होने से शहर में गंदगी के ढेर से लोगों की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। लोगों ने सफाई का जिम्मा खुद उठाते हुए अपने गलियों और मोहल्लों की सफाई की।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के तत्वावधान में रेवाड़ी के साथ बावल एवं धारूहेड़ा के सफाई कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर हैं। सोमवार को हड़ताल को छह दिन हो जाएंगे लेकिन इसके समाप्त होने के आसार कहीं दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप होने के कारण शहर में बुधवार से कहीं से कचरा नहीं उठाया गया है। शहर के मोती चौक, पंजाबी मार्केट, रेलवे रोड, झज्जर चौक, पुरानी सब्जी मंडी, बारा हजारी सहित शहर के तमाम प्रमुख कॉलोनियों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी की वजह से उठने वाली बदबू से आसपास रहने वाले लोगों के लिए रहना भी मुश्किल हो गया है।
प्रशासन भी मामले में असहाय
सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश तो दे दिया लेकिन जिला प्रशासन इस मामले में अभी असहाय ही नजर आ रहा है। शहर में पूरे 412 कर्मचारी हड़ताल पर तथा वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कोई उपाय भी नहीं सूझ रहा है। ऐसे में प्रशासन के पास एकमात्र विकल्प कर्मचारियों को ही किसी तरह मनाना है ताकि ये काम पर लौट आए।
कर्मचारियों की चेतावनी सख्ती के आगे नहीं झुकेंगे
नगर परिषद कार्यालय के बाहर चल रहे धरने के पांचवें दिन कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार की सख्ती के बावजूद हम डरने वाले नहीं है तथा जब तक मांगे नहीं मानी जाएगी उनकी हड़ताल जारी रहेगी। वक्ताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर ठोस कदम उठाए ताकि उनको आंदोलन की जरूरत न पड़े। इस अवसर पर इकाई प्रधान महेंद्र चांवरिया, जिला प्रधान ईश्वर सिंह बोडवाल, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, सुशीला देवी, किरोड़ीलाल सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद थे।
आम लोगों ने संभाली सफाई व्यवस्था
सफाई कर्मियों की हड़ताल की वजह से पांच दिन से सफाई नहीं होने के बाद परेशान शहर के लोगों ने कई स्थानों पर खुद ही सफाई व्यवस्था संभाल ली है। इसके अतिरिक्त कई सामाजिक संगठनों की तरफ से भी सफाई अभियान चलाया है जिसके बाद कुछ मोहल्लों में रविवार को सफाई हुई। शहर के मोती चौक, नई आबादी क्षेत्र में लोगों ने खुद झाड़ू लेकर सफाई की तथा कचरा बाहर डलवाया। इसी तरह नई आबादी में शिव सेना की तरफ से सफाई अभियान चलाया गया। शहर के मोहल्ला गोल चक्कर क्षेत्र में होप क्लब एवं चौधरीवाड़ा मोहल्ला के निवासियों ने बाजारों के साथ प्रमुख गलियों की सफाई की।