अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। धनतेरस पर दुकानदारों पर जमकर धन वर्षा हुई। बर्तन, ज्वेलर्स, वाहन शोरूम व सजावटी सामान की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में इतनी भीड़ उमड़ी की दुकानों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं से लेकर सजावट का छोटा व बड़ा सामान भी खरीदा। हालांकि कपड़ा बाजार आज पूरी तरह सुस्त रहा। एक मोटे अनुमान के अनुसार धनतेरस पर जिले में करीब 30 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। अकेले ज्वैलर्स ने ही आभूषण व आभूषणों सहित सोने-चांदी के सिक्के बेचकर 25 करोड़ रुपये का व्यापार किया। दूसरे नंबर पर वाहनों का व्यापार रहा। यहां विभिन्न कंपनियों की एजेंसियों ने धनतेरस पर करीब चार करोड़ रुपये की कारें और बाइक बेची।
दीपावली के पंच पर्व की सोमवार को धनतेरस से शुरूआत हो गई। सोमवार को सुबह से ही बाजार में भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आज के दिन सोने और चांदी के आभूषण अथवा चांदी व पीतल के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है, इस लिहाज से बर्तनों व ज्वेलर्स की दुकानों पर भी खरीदारों को जमावड़ा लगा रहा है।
सोना-चांदी का व्यापार रहा एक नंबर पर
धनतेरस पर ज्वेलर्स की दुकानों पर सबसे ज्यादा धनवर्षा हुई। लोगों ने सोने व चांदी के सिक्के के अलावा चांदी के लक्ष्मी-गणेश अन्य तरह के गिफ्ट व जेवर खरीदे। एक ज्वेलरी शोरूम के संचालक दीपक सोनी ने बताया कि धनतेरस पर शहर में लगभग 25 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ है। धनतेरस के दिन लोग परंपराओं के निर्वहन के तहत सोने-चांदी के सिक्कों सहित बर्तन व आभूषण भी खरीदते हैं। हालांकि अगले माह से वैवाहिक सीजन भी प्रारंभ हो जाएगा जिसकी वजह से भी लोगों ने शुभ दिन की वजह से खरीददारी की।
...................
ऑटोमोबाइल शोरूमों में अग्रिम बुकिंग, शुभ समय पर की खरीददारी
धनतेरस पर वाहन खरीदने के लिए लोगों ने पहले से ही बुकिंग कराई हुई थी, जिनकी धनतेरस पर डिलीवरी हुई। अकेले मारुति कार कंपनी ने 150 गाड़ियां बेचकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। डिनको एजेंसी के संचालक दिनेश गोयल के अनुसार छोटी दीवाली के लिए भी 20 गाड़ियों की बुकिंग हुई है। इसी प्रकार एक अन्य हुंडई कंपनी ने भी धनतेरस पर 40 गाड़ियां बेची हैं। शहर में कारों की अन्य एजेंसियों ने भी अच्छा खासा बिजनेस किया है। इसी प्रकार बजाज दुपहिया वाहन एजेंसी ने 125 बाइक बेचकर करीब 60 लाख रुपये का व्यापार किया है। इसी प्रकार हिरो कंपनी की धनतेरस पर करीब एक करोड़ रुपये की बाइक बिकी हैं।
...................
50 लाख से अधिक के बिके बर्तन
धनतेरस पर आज बर्तनों का बाजार भी कुछ गर्म रहा। बेशक गत वर्ष की तुलना में इस बार व्यापार कम हुआ है, फिर भी 50 लाख रुपये से अधिक के बर्तनों की बिक्री हुई है। बर्तन व्यापार एसोसिएशन के प्रधान सुभाष अग्रवाल ने बताया कि बर्तनों का घटता व्यापार जीएसटी की मार भी माना जा रहा है। इसके अलावा प्लास्टिक के आइटम भी मार्केट में बहुत है, जिसके कारण लोगों ने पीतल के बर्तन को लेकर क्रेज कम हो गया है।
चाइनीज लाइट भी बिखेर रही है रोशनी
दीपावली रोशन का त्योहार भी कहा जाता है, इसलिए लोग अलग-अलग तरह की लाइट खरीदते हैं। शहर में चाइनीज लाइट बिक रही हैं। जीवली बाजार लाइटों का गढ़ माना जाता है। दुकानदार मुकेश कुमार ने बताया कि इस बार भी चाइनीज लाइट काफी मात्रा में बिक रही हैं। हालांकि लोगों ने इसको लेकर सवाल भी किए लेकिन अन्य लाइटें महंगी होने के कारण लोगों ने इनको भी खरीदा है।
कपड़ों का बाजार रहा सुस्त
धनतेरस पर कपड़ों का बाजार पूरी तरह सुस्त रहा। बाजार में बेशक भीड़ रही, लेकिन कपड़ों की दुकान की सीढ़ियां चढ़ना किसी ने मुनासिब नहीं समझा। कॉरपेट व अन्य सजावटी सामान की दुकान पर लोगों की भीड़ जमा रही।