अहीरवाल में वर्चस्व की जंग, कांग्रेसी धड़े दिखाएंगे अपना दम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
अहीरवाल के कांग्रेसी दिग्गजों में वर्चस्व की जंग शुरू हो गई है। रेवाड़ी के बावल हलके में सोमवार और मंगलवार को लगातार दो दिन हो रही कांग्रेस की सभाओं को इसी वर्चस्व की जंग से जोड़कर देखा जा रहा है। सोमवार को बावल के बिजली निगम कार्यालय के समीप पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के समर्थक जवाहर यादव जन आक्रोश रैली कर रहे हैं। इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और सीएलपी लीडर किरण चौधरी शिरकत करेंगी। रैली के लिए लंबे समय से तैयारियां चल रही हैं। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री बिरेंद्र सिंह के पौत्र राव अर्जुन सिंह भी बावल की अनाज मंडी में अधिकार रैली कर अपनी ताकत दिखाएंगे। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरेजवाला और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान शिरकत कर रही हैं। कहने को तो ये दोनों रैलियां कांग्रेस की हैं लेकिन दोनों ही खेमे रैलियों में अपना-अपना प्रभाव दिखाएगा। कांग्रेस ही नहीं भाजपा में भी गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। पिछले दिनों जींद में अमित शाह की जींद रैली में भाजपाइयों की गुटबाजी भी साफ तौर पर दिखी थी। रैली में जाने के लिए अहीरवाल के भाजपा के दिग्गज अपने यहां से भीड़ जुटाने में लालायित दिखे। यही कारण रहा कि इन दिग्गजों के यहां से निकलते समय तो काफी भीड़ दिखी, लेकिन यह भीड़ रास्ते में आधी ही रह गई थी।