हरियाणा में गुजरात के बाद सबसे ज्यादा लिंगानुपात गिरा : विद्रोही
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा खट्टर सरकार लिंगानुपात के फर्जी आंकड़े देकर दावा करती रही है कि हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बाद लिंगानुपात बढ़ा है। मोदी सरकार की नीति आयोग आंकड़े जारी करके बता रहा है कि हरियाणा में गुजरात के बाद सबसे ज्यादा लिंगानुपात गिरा है। विद्रोही ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि वेे सार्वजनिक रूप से बयान देकर बार-बार आरोप लगाते रहे हैं कि हरियाणा में भाजपा खट्टर सरकार के लिंगानुपात बढ़ने के सभी दावे फर्जी और झूठे हैं। अब नीति आयोग ने लिंगानुपात पर जो रिपोर्ट जारी की है, उसमें उनके इस आरोप की पुष्टि होती है कि हरियाणा में लिंगानुपात बढ़ा नही घटा है। भाजपा खट्टर सरकार जहां लिंगानुपात के फर्जी आंकडे़ देकर इसके बढ़ने को दावा करती है, वहीं नीति आयोग कहता है कि लिंगानुपात गिरने के मामले में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर है। विद्रोही ने कहा कि 2021 की जनगणना में लिंगानुपात के संदर्भ में सरकार के रहे सहे दावों की भी पोल खुलनी तय है।