रेवाड़ी। गांव मस्तापुर स्थित एक शराब ठेके से बीती रात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने सेल्समैन को डरा-धमका कर नकदी और बीयर छीन ली। पैसा , बीयर लेने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची परंतु बदमाशों का पता नहीं लग पाया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मस्तापुर निवासी धनीराम ने कहा है कि वे मस्तापुर स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। रविवार रात ठेके के बाहर सोया हुआ था। रात को करीब एक बजे एक युवक उनके पास पहुंचा । युवक ने बीयर देने के लिए कहा। परंतु धनीराम ने ठेका बंद होने की बात कह कर बीयर देने से इंकार कर दिया। युवक ने जबरदस्ती धनीराम से ठेका खुलवा लिया। जब वह बीयर लेने के लिए अंदर गया तो युवक भी ठेके में घुस गया। युवक ने लोहे के सरिये से हमला करने की धमकी देकर जबरदस्ती दो हजार रुपये छीन लिए। युवक नकदी व बीयर लेकर ठेके से कुछ दूर मोटरसाइकिल पर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। सूचना मिलने पर रोहडाई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने धनीराम की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवकों की बाइक व हुलिए के अनुसार उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।