रेवाड़ी। हरियाणा में 12 मई को मतदान होना है। गुरुग्राम लोकसभा के दायरे में आने वाले रेवाड़ी जिले के मतदाता अपने प्रत्याशियों का चयन करने में काफी जागरुक हैं। युवा वर्ग फिलहाल फिलहाल सांसद प्रत्याशियों के वादे सुन रहा है। युवाओं के मुद्दों में विकास, रोजगार, शिक्षा के साथ राष्ट्रीयता प्रमुख तौर पर शामिल हैं। लोकसभा चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका रहेगी। गुरुग्राम लोकसभा सीट पर करीब 90 हजार ऐसे मतदाता हैं जो पहली बार वोट का प्रयोग करें। इन मतदाताओं का वोट ही हार-जीत का सीधा फैसला सुनाएगा। युवाओं को लेकर सभी पार्टी अपने एजेंडे पर काम कर रही हैं। मतदान को लेकर युवाओं में उत्साह है। युवा मतदाता अपने प्रत्याशियों के बारे में पूूरी जानकारी जुटा रहे हैं।
गरीबों को उनके हक का राशन दिया जाए। खिलाड़ियों को उनकी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन का मौका मिले। भाई भतीजावाद को समाप्त करने वाले प्रत्याशी को मेरा वोट होगा। भ्रष्टाचार को प्राथमिकता के आधार पर खत्म करना चाहिए। देश की सबसे बड़ी बीमारी पर आक्रमण करें। युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार मिले।
कपिल, रेवाड़ी
राजा का बेटा राजा नहीं होना चाहिए। सिस्टम में बदलाव होना चाहिए। हम लोकसभा चुनाव में योग्य व्यक्ति को ही चुनेंगे। जो अपने क्षेत्र का विकास करा सके, मेरा वोट उसी को जाएगा। प्रत्याशी ऐसा हो जो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जो देश से भ्रष्टाचार को खत्म करे। राष्ट्र का सम्मान करना जानता हो।
प्रवीण, रेवाड़ी
मैं ऐसे प्रत्याशी को वोट दूंगा जो मेरे रोजगार का प्रबंध करे। युवाओं को लेकर कोई राजनीतिक दल चिंतित नही हैं। युवाओं को भटकाने का काम किया जा रहा है। रोजगार देने के मुद्दे पर किसी को ध्यान नहीं है। इस तरह की नीतियों को लागू करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। हर पेट को रोटी मिलनी ही चाहिए। देश में विकास प्राथमिकता होनी चाहिए।
सचिन , रेवाड़ी
कानून व्यवस्था को लागू कराने के लिए सख्ती से काम होना चाहिए। युवाओं को रोजगार की व्यवस्था होनी चाहिए। देश हित के लिए काम करना युवाओं का भी फर्ज है। इस चुनाव में राष्ट्रवाद मेरा मुद्दा होगा। राष्ट्र के प्रति समर्पण रखने वाली पार्टी में अपनी वोट दूंगा। हमारा सांसद सच्चा व ईमानदार होना चाहिए।
हिमांशु, रेवाड़ी