अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले के गांव बेरली खुर्द स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए चार माह पहले डेपुटेशन पर भेजी गई शिक्षिका का डेपुटेशन रद्द करके पुन: कार्यभार ग्रहण कराने पर शनिवार को ग्रामीण भड़क गए। पंचायत और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने स्कूल में पहुंचकर इस पर एतराज जताते हुए कहा कि पुन: स्कूल के माहौल को खराब नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षिका को अन्यत्र स्कूल में नहीं भेजा गया तो स्कूल की तालाबंदी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बेरली स्कूल में कार्यरत एक शिक्षिका के व्यवहार को लेकर ग्रामीणों का विरोध था। करीब चार माह पहले इसकी वजह से ग्रामीणों ने प्रदर्शन् करते हुए स्कूल में पहुंचकर हंगामा कर दिया था। तत्पश्चात ग्रामीण उसी समय शिक्षिका के तबादले की मांग पर अड़ गए जिसके बाद विभाग की तरफ से शिक्षिका को दूसरे स्कूल में डेपुटेशन पर भेज दिया गया था। इसके बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ था। इसी बीच शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने शिक्षिका का डेपुटेशन रद्द करके उसकी नियुक्ति पुन: ही बेरली खुर्द स्कूल में कर दी गई। शुक्रवार को ही स्टाफ द्वारा शिक्षिका को कार्यभार ग्रहण करा दिया गया। शनिवार को जब ग्रामीणों को शिक्षिका के पुन: स्कूल में आने की जानकारी मिली तो उनका गुस्सा भड़क गया। इसके बाद ग्रामीण सरपंच मनोज कुमार और स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान शिव शंकर की अगुवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे और प्राचार्य के समक्ष इस बात को लेकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षिका के पुन: स्कूल में आने की वजह से फिर से माहौल खराब हो जाएगा और स्टाफ द्वारा भी कार्यभार ग्रहण कराने में जल्दबाजी की गई है। ग्रामीणों और प्राचार्य के बाद लगभग दो घंटे तक बैठक चली जिसमें ग्रामीण शिक्षिका के तबादले की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद प्राचार्य ने पूरे मामले से जिला शिक्षा अधिकारी रामकुमार फलसवाल को अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीणों को प्राचार्य ने इस मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षिका का तबादला नहीं किया गया तो स्कूल की तालाबंदी की जाएगी। इस अवसर पर कृष्ण कुमार प्रधान, राजेंद्र सिंह, हरीश कुमार, छगनलाल, देशराज सिंह, बीरसिंह और अनिल कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
विरोध के बाद अवकाश पर गई शिक्षिका
शुक्रवार को ही कार्यभार ग्रहण करने के बाद जब जैसे ही ग्रामीणों के विरोध की जानकारी मिली तो शिक्षिका स्कूल से अवकाश लेकर चली गई। शिक्षिका के अवकाश पर जाने के बाद काफी हद तक ग्रामीण भी शांत हो गए लेकिन ग्रामीण यहां से तबादला की मांग पर अड़े हुए हैं।
-----------------------
पंचायत के विरोध की जानकारी हमारे पास आ गई है। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए फिलहाल शिक्षिका को जल्द ही दूसरे स्कूल में डेपुटेशन पर भेजा जाएगा और साथ ही सरकार से इस स्कूल से स्थानांतरण का भी प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल शिक्षिका अवकाश पर चली गई हैं।
-रामकुमार फलसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी।