134-ए परीक्षा आज: तीन हजार बच्चे 12 केंद्रों पर देंगे परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
नियम-134 ए के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए मूल्यांकन परीक्षा 15 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। जिले में परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए हैं। इसमें सर्वाधिक परीक्षा केंद्र आठ रेवाड़ी में बनाए हैं। बावल, खोल, बावल, जाटूसाना, नाहड़ में एक-एक केंद्र हैं। 9 बजे से आरंभ होने वाली परीक्षा में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में आधा घंटा पहले पहुंचना होगा।
सीटों के मुकाबले आधे ही आवेदन
जिले के विभिन्न स्कूलों में नियम-134 ए के तहत दिए जाने वाले प्रवेश के लिए कुल 6799 सीटें निर्धारित है। इस पर 3082 विद्यार्थियों का दाखिल होना है। रेवाड़ी खंड में बनाए 8 परीक्षा केंद्रों में दूसरी कक्षा के लिए 260 विद्यार्थी जैन कन्या स्कूल रेवाड़ी, तीसरी कक्षा के लिए सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 237, चौथी व पांचवीं कक्षा के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में 464, शिशु शाला स्कूल मॉडल टाउन में छठी कक्षा के लिए 249, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में सातवीं कक्षा के लिए 212, हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में 8वीं कक्षा के लिए 197, 9वीं कक्षा के लिए सरकुलर रोड स्थित विश्वकर्मा स्कूल में 171, 10 व 11वीं कक्षा के लिए जैन बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में 124 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा बावल खंड के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (रावमावि) बावल में 177, रावमावि जाटूसाना में 368, रावमावि नाहड़ में 482 तथा रावमावि खोल में 141 बच्चे परीक्षा देंगे।
अनुदान प्राप्त स्कूल के बच्चे भी देंगे परीक्षा
इस परीक्षा में इस बार अनुदान प्राप्त विद्यालयों से आवेदन करने वाले विद्यार्थी भी बैठेंगे। पिछली बार सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों को मूल्यांकन परीक्षा से दूर रखा था। इस बार केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का मूल्यांकन परीक्षा दिए बिना ही दाखिला हो जाएगा। अनुदान प्राप्त विद्यालयों ने अपनी रिक्त सीटें नहीं दिखाई हैं। हालांकि सरकार ने वर्तमान सत्र से ही अनुदान प्राप्त स्कूलों के सरकारी स्टाफ को सरकारी स्कूलों में समायोजित किया है। इन स्कूल मुखियाओं ने रिक्त सीटें नहीं दिखाकर बच्चों को आवेदन करने से वंचित किया है।
आधार कार्ड लेकर पहुंचे बच्चे
परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों को अपना आधार कार्ड अनिवार्य रूप से लेकर पहुंचना होगा। जिन विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड नहीं होंगे वे पिछले स्कूल का परिचय पत्र लेकर पहुंच सकते हैं। परीक्षार्थियों को आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा तथा 9 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।
तैयारियों का लिया जायजा
मूल्यांकन परीक्षा के लिए शनिवार को शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक जोगेंद्र सिंह हुड्डा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा अधिकारियों के साथ बैठक करके तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी निजी स्कूल संचालकों से चयनित होने वाले बच्चों को बिना किसी परेशानियों के दाखिला देने का आह्वान किया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुरेश गोरिया ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी तैयारियां कर ली गई है।