गणतंत्र दिवस पर जिले की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दिल्ली से सटे होने के कारण गणतंत्र दिवस पर रेवाड़ी में सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। जिले के 700 पुलिसकर्मी किसी भी हालात निपटने के लिए तैयार रहेंगे। मुख्य समारोह राव तुलाराम स्टेडियम में होगा। 26 जनवरी की दोपहर साढे़ 12 बजे तक दिल्ली-जयपुर हाईवे से भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। एसपी संगीता कालिया ने बताया कि 25 जनवरी की रात को साढे़ आठ बजे से 26 जनवरी दोपहर साढे़ 12 बजे तक दिल्ली मे भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान दूध, फल, सब्जियों व अन्य आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को ही गुरुग्राम की तरफ जाने दिया जाएगा और इनका प्रवेश बंद नही होगा। उन्होंने बताया कि संबधित थाना प्रभारियों को यातायात नियंत्रित करने के लिए निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि प्रवेश निषेध के दौरान भारी वाहन चालक व्यवस्था बनाए रखने मे पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत नही है तो अपने वाहनों को न चलाएं।