ट्रक की टक्कर से कार सवार सैनिक की मौत, दो घायल
-कैंटीन का सामान लेकर घर लौट रहे थे तीनों भाई
अमर उजाला ब्यूरो
बावल।
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर आठ पर बुधवार रात को एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। कार में सवार सैनिक की मौत हो गई जबकि उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार है।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के जिला अलवर के गांव गिगलाना निवासी शेरसिंह सेना के जवान और वर्तमान में देहरादून में तैनात थे। छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। बुधवार को एक साथी सैनिक का सामान देने के लिए कार में रेवाड़ी आए थे। भाई राजपाल और सोमदत्त भी कार में सवार थे। लौटते समय दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कार एक अन्य ट्रक में जा घुसी। शेर सिंह, राजपाल व सोमदत्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने शेर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल कर्मबीर सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे पूर्ण सिंह की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।