धारूहेड़ा में डीटीपी ने अवैध कॉलोनी पर चलाई जेसीबी
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने वीरवार शाम को गांव महेश्वरी में लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कालोनियों पर कार्रवाई करते उनको ध्वस्त कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। महेश्वरी में काफी समय से यह कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिसको लेकर विभाग ने नोटिस दिया था। इसके बाद भी काम बंद नहीं किया गया तो यह कार्रवाई की गई।
डीटीपी अनिल डबास ने बताया कि इन कॉलोनियों पर विभाग की नजर बनी हुई थी। इसके बाद नोटिस जारी किया गया था फिर भी काम नहीं रोका गया। इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दी गई है। साथ ही वीरवार को नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट साथ लेकर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि नोटिस के बावजूद भी सड़क निर्माण के लिए रोडे़ तक डाल दिए गए थे। लगभग सात एकड़ में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। टीम ने धारूहेड़ा थाना पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध कालोनियों में बनी हुई लगभग 12 डीपीसी, एक निर्माण और सभी रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। साथ ही डीटीपी ने लोगों से अपील की नियंत्रित क्षेत्र, शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें। आमतौर पर इन अवैध कालोनियों में धारूहेड़ा व भिवाड़ी क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारी या वर्कर्स डीलरों के बहकावे में आकर प्लॉट खरीद लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य चेक कर लें।