जून तक बन जाएगा भाड़ावास का पीएचसी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल ने कहा कि गांव भाड़ावास में 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य अगले साल जून तक पूरा हो जाएगा। बुधवार को रेवाड़ी के गांव भाड़ावास में बन रही पीएचसी का निरीक्षण करने बाद उन्होंने यह बता कही। उनका कहनान था कि पीएचसी के बनने से आसपास के 31 गांवों को लाभ होगा। भाड़ावास में यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब तक एक निजी धर्मशाला में चल रहा था।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष प्रकोष्ठ को मजबूत करने का निर्णय लिया है। मिशन इंद्रधनुष के तहत वर्ष 2020 तक ऐसे सभी बच्चे और गर्भवती महिलाएं, जिनका टीकाकरण या तो हुआ नहीं है या अधूरा है। उनका संपूर्ण टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों मे 357 प्रकार की दवाइयां मुफ्त दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 10 अस्पतालों, 14 सीएचसी, 20 पीएचसी भवनों का निर्माण किया गया है। करीब 35 भवनों की मरम्मत की गई है।
डॉ. बनवारी लाल ने इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की भवन निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और मटीरियल की जांच लैब से करवाते रहें। भाड़ावास रोड पर निर्माणाधीन नाले की जांच के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। सामान्य अस्पताल रेवाड़ी की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग की कमियों को दूर कर उसे शीघ्र जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। रेवाड़ी से शाहजहांपुर सड़क जो कि 7 मीटर की है उसे 10 मीटर तक बनाने के निर्देश भी पीडब्लयूडी अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता हेमंत कुमार, उप मंडल अभियंता आदित्य देशववाल, राजवीर अधिवक्ता, रोशन लाल, यशपाल, आजाद सिंह व कर्मबीर, डॉ. अशोक आदि मौजूद थे।