रेवाड़ी। रविवार को जिले में 10 लोग कोरोना से ठीक हुए। वहीं चार नए केस भी मिले हैं। सुधरते हालात के बीच रिकवरी रेट भी 98.52 पर पहुंच गया है। जो कि जिला के लिए राहत की बात है।
उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि अभी भी सावधानी बरतनी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी। फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर, दो गज की दूरी, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना आदि नियमों का प्रयोग करना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में रविवार को कोविड संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए हैं। कोविड संक्रमण से रविवार को 10 नागरिक स्वस्थ हुए हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। जिले में कोविड संक्रमण के कुल 44 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 39 नागरिक होम आइसोलेट किए हुए हैं। जिले में रविवार को आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटिजन के कुल 943 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक ब्लैक फंगस के 32 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि जिले में 28 मार्च तक इक्का-दुक्का केस आ रहे थे, इसके बाद संख्या बढ़ी थी। अब संख्या शून्य की ओर बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।