हरियाणा के बागपत में मकान मालिक ने किरायेदार नेत्रहीन महिला के साथ बलात्कार किया। इस दौरान उसके दो बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। बाद में उसको चुप रहने के लिए पांच हजार रुपये की पेशकश की। कार्रवाई करने पर जान की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार शनिवार की शाम बागपत कोतवाली में पहुंची महिला के पति ने बताया कि वह काम पर गया हुआ था। घर पर उसकी नेत्रहीन पत्नी और दो बच्चे थे।
मकान मालिक ने दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में उसकी पत्नी को तमंचा सटाकर भयभीत किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
उसने बताया कि जब वह दोपहर को पहुंचा तो उसकी पत्नी ने रो-रोकर पूरा घटनाक्रम बताया। तभी मकान मालिक उसके पास आया और बोला कि पांच हजार रुपये लेकर चुप हो जाए।
अगर बात नहीं मानी तो पूरे परिवार का खात्मा कर दूंगा। इसके बाद वे लोग तहरीर लेकर थाना आ गए। उसने बताया कि यह मकान उसने किराए पर शुक्रवार को ही लिया था।
उधर, घटना के बारे में थाना प्रभारी का कहना है कि मामला गंभीर है। महिला को तहरीर मिलते ही मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।