कबाड़ की दुकान में काम करने वाले युवक को एक पुलिसकर्मी ने पहले तो जमकर पीटा और उसके बाद पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी।
युवक का कसूर इतना ही था कि उसने पुलिसकर्मी के कहने पर शराब की बोतल लाने से इंकार कर दिया था। मंगलवार रात हुई इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे 23 वर्षीय इंद्रजीत को सोहना रोड के कबाड़ी धर्मेंद्र ने एचवे अस्पताल में भरती कराया। इस घटना के बाद दो दिन तक पुलिस कर्मचारी और उसके साथी घायल इंद्रजीत पर समझौता करने के लिए दबाव बनाते रहे। वीरवार को यह मामला मीडिया में सुर्खियां बनते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और धारूहेड़ा पुलिस ने स्पेशल इनवेस्टिगेटिव टीम के आरोपी कर्मचारी मनजीत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार, धारूहेड़ा के हरि नगर निवासी 23 वर्षीय इंद्रजीत धारूहेड़ा में धर्मेंद्र कबाड़ी के पास नौकरी करता है। कबाड़ी की दुकान के साथ ही शराब का एक अहाता है। 22 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे एक पुलिसकर्मी इंद्रजीत के पास पहुंचा और शराब की बोतल अहाते से लाने के लिए कहा। लेकिन इंद्रजीत ने बोतल लाने से इंकार कर दिया तो पुलिसकर्मी ने इंद्रजीत की जमकर पिटाई की और पास में ही रखी पेट्रोल की कैन उस पर डालकर आग लगा दी।
इंद्रजीत को आग लगाकर पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गया। इंद्रजीत के चिल्लाने पर लोग जमा हो गए और उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। युवक का चेहरा, हाथ-पैर और छाती बुरी तरह झुलस गए हैं। वीरवार को अस्पताल में इंद्रजीत ने घटना की जानकारी मीडिया को दी और पुलिसकर्मियों पर समझौता करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया।
आरोपी पुलिसकर्मी मनजीत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अगर किसी ने दबाव बनाया है तो उसकी भी जांच करवाई जाएगी।
- पंकज नैन, एसपी, रेवाड़ी