पानीपत। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से रोहतक मंडल के बिजली उपभोक्ताओं के विवादों को सुलझाने के लिए रोहतक मंडल के राजीव गांधी विद्युत भवन के चौथी मंजिल स्थित मुख्य अभियंता के कार्यालय में वीरवार को खुला दरबार लगाया जाएगा। इसमें पानीपत समेत सोनीपत, करनाल, रोहतक और झज्जर जिले के बिजली उपभोक्ता अपने मामलों की शिकायत कर सकेंगे। इस मौके पर अधिकारी उपभोक्ताओं की शिकायत सुनने के साथ समाधान का प्रयास करेंगे। ये दरबार सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक चलेगा। इसमें एक से तीन लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों पर सुनवाई होगी।
इस खुले दरबार में गलत बिजली बिलाें, बिजली दरों से संबंधित मामले, बिजली मीटर की सिक्योरिटी से जुड़े मामले, खराब हुए मीटरों से जुड़े मामले और वोल्टेज से जुड़े मामलों की ही सुनवाई होगी। इस दरबार में बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग, घातक-गैर घातक दुर्घटना आदि के मामलाें की न तो सुनवाई होगी और न ही इन पर विचार किया जाएगा।